कई बार लोग कम समय के चलते ऐसी रेसिपी की तलाश करते हैं जो स्वादिष्ट के साथ बनने में भी कम समय ले। ऐसे में आप कर्नाटक की मशहूर डिश टमाटर राइज ट्राई कर सकते हैं। टमाटर राइस एक स्वादिष्ट चावल का व्यंजन है, जो कर्नाटक में काफी लोकप्रिय है। यहां यह डिश मुख्य भोजन के रूप में या साइड डिश के रूप में परोसा जाता है। इस व्यंजन को बनाने के लिए प्याज, अदरक, लहसुन और टमाटर को हल्का भूनकर चावल में मसालों के साथ पकाया जाता है। इसका स्वाद थोड़ा मसालेदार और स्वादिष्ट होता है।
कर्नाटक में इसे जीरा, धनिया और दालचीनी जैसे कई और खास मसालों के मिश्रण के साथ बनाया जाता है। यह वन-पॉट (एक बर्तन) में बनाए जाने वाला भोजन है। टमाटर राइस को बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है। इसे आप सुबह ब्रेकफास्ट, लंच या फिर शाम की हल्की भूख लगने पर भी बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसके बनाने की आसान विधि क्या है।
टमाटर राइस की सामग्री | Tomato Rice Recipe
1 कप पका हुआ चावल (बचा हुआ या ठंडा चावल भी ले सकते हैं)
2 बड़े टमाटर, बारीक कटे हुए
1 प्याज, बारीक कटा हुआ
1 हरी मिर्च, लंबाई में कटी हुई
1 चम्मच राई (सरसों के बीज)
1 चम्मच जीरा
आधा चम्मच हल्दी पाउडर
1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा चम्मच गरम मसाला
आधा चम्मच धनिया पाउडर
1 बड़ा चम्मच सांबर पाउडर (वैकल्पिक)
कुछ करी पत्ते
1 बड़ा चम्मच इमली का रस (वैकल्पिक, खटास के लिए)
1 चम्मच गुड़ (वैकल्पिक, स्वाद संतुलन के लिए)
2 बड़े चम्मच घी या नारियल तेल
स्वादानुसार नमक
सजावट के लिए ताजा हरा धनिया
टमाटर राइस बनाने की आसान विधि | How to Make Tomato Rice in Karnataka Style
1- एक पैन में घी या तेल गरम करें और उसमें राई डालें। जब राई चटकने लगे, तब इसमें जीरा, करी पत्ते और हरी मिर्च डालें।
2- अब कटे हुए प्याज डालें और इसे तब तक भूनें जब तक प्याज सुनहरा न हो जाए।
3-इसके बाद टमाटर डालकर पकाएं, जब तक वे नरम और गूदेदार न हो जाएं।
4- इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, सांबर पाउडर और नमक डालें। इसे तब तक पकाएं जब तक तेल मसाले से अलग न हो जाए।
5- अब इसमें इमली का रस और गुड़ डालें और अच्छे से मिलाएं। अंत में पका हुआ चावल डालें और अच्छे से मिलाएं ताकि चावल मसाले में अच्छी तरह कोट हो जाए।
6- हरे धनिये से सजा कर गरम-गरम रायता या पापड़ के साथ परोसें।
Also Read
अब टिफिन में नहीं बचेगा खाना, बच्चों को लंच में बनाकर दें पनीर टिक्का सैंडविच
