आज के समय में जब भी कोई नया कपड़ा खरीदा जाता है, तो उसे खूब अच्छे से रखा जाता है। लेकिन जब यही कपड़ा पुराना हो जाता है, तो इसे फेंक दिया जाता है और किसी को दे दिया जाता है। हालांकि पहले के समय में महिलाएं पुराने और इस्तेमाल हुए कपड़ों को नहीं फेंकती थीं। बल्कि इनके ऊपर कढ़ाई करके दोबारा इस्तेमाल करने लायक नया जैसा कपड़ा तैयार किया जाता है। कई कपड़ों को साधारण रनिंग स्टिच से आपस में जोड़ा जाता था। खास बात यह है कि कढ़ाई के लिए धागे भी पुरानी साड़ियों के बॉर्डर से निकाले जाते थे। साफ शब्दों में कहा जाए तो पूरा काम रिसाइकल और क्रिएटिव तरीके से होता था।
आप सोच रहे होंगे कि हम किस कढ़ाई की बात कर रहे हैं। दरअसल हम कांथा कढ़ाई कला की बात कर रहे हैं। वैदिक काल या शायद उससे भी पहले के समय से कांथा कला को बंगाल की गृहिणियों ने जन्म दिया। जिसके ऊपर आमतौर पर कमल के फूल, बेल बूटे, पशु-पक्षी, जहाज, मछलियां, पनडुब्बियां और यहां तक की रोजमर्रा की चीजें भी इसमें दिखाई देती हैं। यह कला जरूरत की वजह से अस्तित्व में आई। इसे मां द्वारा अपनी बेटी को सिखाया गया ताकि यह कला पीढ़ियों तक आगे बढ़ती रहे। यही वजह है कि इसे औरतों की कला भी कहा जाता है।
कांथा कढ़ाई की खासियत
कांथा सिर्फ एक कढ़ाई नहीं बल्कि इसके पीछे बनाने वाले की कहानी छिपी होती है। इसे बनाने वाली महिला अपने जीवन से जुड़ी चीजें, खुशी, दुख, त्योहार या हर वो पल जिसे वह याद रखना चाहती थी, उसे कढ़ाई के जरिए कपड़े पर उकेरती थी। यही वजह है कि हर रचना अलग होती थी और उसके मायने भी अलग होते थे। उस समय यह कला अपनी भावनाओं और इच्छाओं को व्यक्त करने का माध्यम होता था।
इतिहास में कांथा का जिक्र
इतिहास में भी कांथा का जिक्र कई जगहों पर मिलता है। लगभग 500 साल पुरानी कृष्णदास कविराज द्वारा लिखी किताब श्री श्री चैतन्य चरितामृत में कांथा का वर्णन किया गया है। इसके अलावा लेखिका नियाज जमान ने अपनी किताब द आर्ट ऑफ कांथा एम्ब्रॉयडरी में एक किस्सा शेयर किया। इसमें उन्होंने बताया कि मशहूर कलाकार रवींद्रनाथ टैगोर का सामना बांग्लादेश की श्रीहत्ता जिले की एक बुजुर्ग महिला से होता है, जिन्होंने अपनी शादी से लेकर बुढ़ापे तक के सफर को कांथा कढ़ाई के माध्यम से संजोकर रखा था। रवींद्रनाथ टैगोर की कविता इबार फिराओ मोरे में भी कांथा का वर्णन मिलता है।
कांथा बनाने का तरीका
कांथा कढ़ाई को बनाने का तरीका भी बेहद दिलचस्प है। पुरानी धोती और पुरानी साड़ियों को परत दर परत रखकर सिल दिया जाता था। इसके ऊपर रंग-बिरंगे चित्रों को कढ़ाई के जरिए बनाया जाता था। लेप कांथा जिसे सर्दी से बचने के लिए बनाया जाता था। पुराने कपड़ों की एक मोटी तह को कढ़ाई के साथ एक दूसरे से जोड़ दिया जाता था और ठंड में इसे कंबल के रूप में इस्तेमाल किया जाता था।
अर्शीलाता कांथा छोटे कवर जिनमें शीशों, कंघियों और सौंदर्य प्रसाधनों को संभालकर रख दिया जाता था। सजावट के लिए इसके चारों तरफ चौड़े और रंगों से भरे बॉर्डर कढ़ाई किए जाते थे। बेयतन कांथा (Bayton Kantha) को किताब, कीमती सामान और सजावटी सामान को ढकने के लिए बनाया जाता था। दुर्जनी कांथा को पर्स की तरह उपयोग किया जाता था और इसके बीच में कमल का आकार बनाया जाता था। इसमें पैसे, जरूरी कागज या पूजा की माला को रखा जाता था। सुजनी कांथा (बिछौना या चटाई) इसकी शुरुआत बिहार में हुई थी। इसकी खासियत है कि हर डिजाइन की आउटलाइन काले धागे से की जाती है। उसके बाद अंदर रंगीन धागों से डिजाइन को भरा जाता है।
इसके अलावा ओअर कांथा (पिल्लो कवर), रुमान कांथा, क्रॉस स्टिच कांथा और लोहोरी कांथा कुछ प्रमुख प्रकार हैं। कांथा के डिजाइन मुख्य रूप से प्रकृति या धर्म से प्रभावित होते थे। यही वजह है कि हिंदू और मुस्लिम महिलाओं द्वारा बनाए जाने वाले कांथा में काफी अंतर देखने को मिलता था।
कांथा में स्टिच के प्रकार
मुख्य रूप से कांथा बनाने में चार प्रकार के स्टिच का प्रयोग किया जाता था। रनिंग स्टिच इसी को मुख्य रूप से कांथा बनाने में प्रयोग किया जाता है। डिजाइनों की आउटलाइन, उसे भरना या कपड़ों की तह को एक साथ जोड़ना के लिए रनिंग स्टिच का ही उपयोग किया जाता था। दूसरा है स्टेम स्टिच मुख्य रूप से डिजाइन की आउटलाइन के लिए इसका उपयोग किया जाता है। तीसरा हेरिंगबोन स्टिच जिसे डिजाइन को भरने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। किसी भी डिजाइन को भरने के लिए हेरिंगबोन स्टिच की तरह ही सैटिन स्टिच का प्रयोग किया जाता है।
पश्चिम बंगाल की गृहणियों द्वारा बनाई जाने वाली यह कला हमारे देश की धरोहर है। इस पारंपरिक कांथा कढाई कला से वॉल हैंगिंग, थ्रो, कुशन कवर और बेड रनर जैसे डेकोर आइटम्स में इस्तेमाल किया जाता है।
