शारदीय नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाती है। इस दौरान अष्टमी और नवमी तिथि को कन्या पूजन करके व्रत का पारण किया जाता है। मान्यताओं के अनुसार छोटी कन्याओं को माता के रूप में पूजा जाता है और उन्हें भोजन कराया जाता है। इस दौरान प्रसाद में हलवा, पूरी और चना बनाया जाता है। जिसकी रेसिपी शेफ रणवीर बरार ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर की है। उन्होंने कन्या (कंजक) पूजा के लिए खास तौर पर चना, हलवा और पूरी बनाने का सही तरीका बताया है। जिसकी मदद से आप घर पर अष्टमी या नवमी पर थाली को तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी रेसिपी।
चना बनाने के लिए जरूरी सामग्री
भीगे हुए काले चने- 2 कप
घी- 2-3 चम्मच
पानी- जरूरत के अनुसार
हल्दी पाउडर- 2 चम्मच
लाल मिर्च पाउडर-2 चम्मच
आमचूर पाउडर- आधा चम्मच
धनिया पाउडर- 2 चम्मच
गरम मसाला- एक चुटकी
जीरा पाउडर- 1 चम्मच
पानी
बनाने का तरीका
चना बनाने के लिए काले चने को अच्छी तरह धोकर रातभर भिगाने के लिए रख दें। इन्हें उबालने के लिए कुकर में घी और चने से थोड़ा ऊपर तक पानी डालकर पका लें। चने का मसाला बनाने के लिए एक बाउल में हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, आमचूर पाउडर, गरम मसाला, जीरा पाउडर और थोड़ा पानी डालकर मिला लें। छोटी कन्याएं ज्यादा मिर्च नहीं खाती हैं, इसलिए मसालों कम मात्रा में इस्तेमाल करें। अब पैन में घी या तेल डालें। इसमें जीरा, हरी मिर्च और मसाले का पेस्ट डालें। इसे धीमी आंच पर कुछ देर भून लें। अब इसमें उबले हुए चने डाल दें। जब चने का पानी सूख जाए, तो गैस बंद कर दें।
हलवे के लिए सामग्री
घी- 3 चम्मच
सूजी- 1.5 कप
किशमिश- 12-15
चिरौंजी- 1 चम्मच
काजू- 12-15
गरम पानी- जरूरत के अनुसार
चीनी- 1.5 कप
इलायची पाउडर- आधा चम्मच
हलवा बनाने का तरीका
इसे बनाने के लिए कड़ाही में घी डालें। इसमें सूजी (रवा) डालें और चम्मच से चलाते रहें। सूजी अच्छी तरह धीमी आंच पर भून लें। जब सूजी हल्की भूरी होने लगे तो इसमें किशमिश, चिरौंजी और काजू डालकर भून लें। सभी चीजों को चलाते हुए भून लें। अब इसमें धीरे-धीरे पानी डालें और फिर चीनी। इसे करीब 5 से 7 मिनट तक पकने दें। जब हल्का गाढ़ा होने लगे तो इसमें इलायची पाउडर डालें। ध्यान रखें कि हलवे को पूरी तरह सुखाना नहीं है। ऐसा करने पर हलवा ठंडा होने पर अच्छा नहीं लगेगा।
पूरी के लिए सामग्री
गेहूं का आटा- 2 कप
चीनी- 1/4 चम्मच
सेंधा नमक
सूजी- 1 चम्मच
पानी- जरूरत के अनुसार
तेल- 1 चम्मच
पूरी बनाने का तरीका
पूरी बनाने के लिए आटे में हल्की चीनी, सेंधा नमक, रवा और पानी डालकर गूंथ लें। आटा गूंथते वक्त थोड़ा पानी डालें और फिर तेल डालें। इससे पूरी मुलायम बनती है। अब अच्छी तरह आटा गूंथ लें। इसे हल्का सख्त रखें। अब आटे से पेड़े काट लें। अब पूरी को फूलाने के लिए सूखे आटे का इस्तेमाल न करें। हल्का घी लगाकर छोटी-छोटी पूरी बेल लें। अब तेल में डालकर इन्हें पका लें। इस तरह सभी पूरियां तैयार कर लें।
