अचानक मेहमान आ जाएं और चाय बनानी हो लेकिन दूध बहुत कम हो तो टेंशन हो जाती है। कम दूध में कैसे गाढ़ी चाय बनाएं और स्वाद भी एकदम कड़क हो, ये सवाल अगर आपको भी परेशान करता है तो यहां इसका हल बताया गया है। अक्सर लोग सोचते हैं कि कम दूध में अच्छी चाय नहीं बन सकती, लेकिन यह पूरी तरह सच नहीं है।
सही तरीका अपनाया जाए तो कम दूध में भी ऐसी चाय तैयार की जा सकती है, जिसका स्वाद और रंग दोनों शानदार होंगे। सही उबाल, संतुलित चायपत्ती और कुछ देसी नुस्खे आपकी चाय को गाढ़ा-कड़क बना सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे।
सबसे पहले पानी में चायपत्ती अच्छी तरह उबालें
बहुत सारे लोग यह गलती करते हैं कि पानी और दूध एक साथ डाल देते हैं। लेकिन आपको यह गलती नहीं करनी है। अगर दूध कम है तो यह तरीका काम नहीं करता है। इसलिए पहले पानी में चायपत्ती डालें। फिर 2-3 मिनट उबालें। इसके बाद दूध मिलाएं। ऐसा करने से चायपत्ती का रंग और स्वाद अच्छी तरह निकलता है, जिससे चाय गाढ़ी लगती है।
धीमी आंच पर थोड़ा ज्यादा पकाएं
यह पढ़ने में आपको बहुत सिंपल सी चीज लगेगी लेकिन यह तरीका भी काम करता है। दूध कम होने पर चाय को एक-दो मिनट ज्यादा देर तक धीमी आंच पर पकाने से स्वाद बढ़ सकता है। लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि बहुत देर तक उबालने से चाय कड़वी भी हो सकती है।
अदरक और इलायची का इस्तेमाल करें
दूध कम होने पर स्वाद में कमी महसूस हो सकती है। इसे पूरा करने के लिए ताजा अदरक और हल्की कुटी इलायची डालें। इससे चाय ज्यादा सुगंधित और भरपूर स्वाद वाली लगती है।
चौड़े बर्तन में चाय बनाएं
यह पुराना लेकिन कारगर तरीका है। चौड़े पैन में उबाल आने पर चाय अच्छी तरह पकती है। इसके साथ ही सभी सामान आपस में बेहतर तरीके से मिल जाते हैं। इससे स्वाद निखरता है।
एक बार चाय को ऊपर तक चढ़ने दें
जब चाय उबलकर ऊपर आने लगे, तो गैस धीमी कर दें और फिर दोबारा उबाल आने दें। इससे चाय का स्वाद और रंग बेहतर हो सकता है।
मलाई वाला दूध हो तो थोड़ा ही काफी है
अगर घर में फुल क्रीम या ऊपर जमी मलाई वाला दूध है, तो कम मात्रा में भी चाय अच्छी बन जाती है। अगर आपके फ्रिज में एक-दो दिन पुरानी मलाई रखी है तो आप एक चम्मच मलाई मिला सकते हैं। इससे चाय गाढ़ी हो सकती है।
पानी बहुत ज्यादा न बढ़ाएं
दूध कम होने पर लोग अक्सर पानी बढ़ा देते हैं। इससे चाय फीकी हो जाती है। इसकी बजाय चाय की कुल मात्रा थोड़ी कम कर दें। इससे चाय भले थोड़ी कम होगी लेकिन पतली-पतली नहीं बनेगी।
