Chandi ki payal bichiya ko kaise saaf karen: त्योहार हो या पूजा-पाठ, शादी-ब्याह हो या फिर कोई खास अवसर बिना गहनों के महिलाओं का श्रृंगार अधूरा रहता है। शादीशुदा महिलाएं पैरों में चांदी के बिछिया और पायल पहनती हैं। इन्हें सुहाग की निशानी माना जाता है। कई बार पानी खराब होने, धूल-मिट्टी, चिकनाई या साबुन जैसी चीजों की वजह से इनकी चमक गायब हो जाती हैं। चांदी कितनी भी अच्छी क्यों न हो रोजाना पहनने से कई बार काली पड़ जाती है। ऐसे में उन्हें सुनार के पास लेकर जाकर साफ करने की बजाय आप कम मेहनत में भी चांदी के गहनों को चमका सकती हैं। इसके लिए कुछ उपाय यहां बताए गए हैं।

चाय पत्ती और डिटर्जेंट

चांदी के काली पड़ी पायल या बिछिया को साफ करने के लिए यह तरीका काफी कारगर है। इसमें किसी पैन में आप एक चम्मच चायपत्ती और एक चम्मच डिटर्जेंट डालें। इसे उबालें और उसमें चांदी के गहने डाल दें। कुछ देर उबलने दें। फिर गैस ऑफ कर दें। थोड़ी देर बाद उन्हें बाहर निकालकर पुराने किसी टूथब्रश की मदद से साफ कर लें। साफ पानी से धो लें। देखें चांदी के बिछिया हो या पायल कैसे चमकने लगेंगे।

बेकिंग सोडा और एल्युमीनियम फॉयल

चांदी की काली पड़ी बिछिया या पायल को साफ करने के लिए आप बेकिंग सोडा और एल्युमीनियम फॉयल का यूज करें। इसके लिए किसी बर्तन में गर्म पानी लें और इसमें एक टुकड़ा एल्युमीनियम फॉयल डाल दें। इसके बाग ऊपर से एक चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं। अब आपको तैयार घोल में पायल-बिछिया को करीब कुछ देर डुबो देना है। फिर उन्हें बाहर निकालकर ब्रश से हल्के हाथों से इसे साफ कर लें।

सफेद सिरका

सफेद सिरके की मदद से भी आप चांदी के गहनों को साफ कर सकते हैं। इसके लिए एक बर्तन में गर्म पानी लें। उसमें आधा चम्मच नमक डालकर अच्छे से मिक्स करें। अब आपको इसमें चांदी के गहने करीब 15 से 20 मिनट तक डालकर छोड़ देने हैं। थोड़ी देर बाद बाहर निकालकर ब्रश के जरिए थोड़ी देर रगड़िए और फिर पानी से इसे धो लीजिए।

चूल्हे की या अगरबत्ती की राख

चूल्हे की या अगरबत्ती की राख से भी आप चांदी के गहने चमका सकते हैं। यह काफी पुराना तरीका है। आपको बता दें कि राख में नैचुरल एब्रैसिव गुण होते हैं, जो चांदी को साफ करने में मदद करते हैं। इसके लिए थोड़ी सी राख में पानी मिलाकर पेस्ट बना लें। इसे पायल या बिछिया पर लगाकर कॉटन से हल्के हाथ से साफ करें। फिर सादे पानी से धोकर सुखा लें।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।