100 ग्राम काले चने के अंदर 20 से 22 ग्राम प्रोटीन होती है। यानी करीब-करीब आपको 3 अंडे के बराबर प्रोटीन इससे मिल सकता है। शरीर को मजबूत बनाने के लिए प्रोटीन बहुत जरूरी है। इसके अलावा काले चने में आयरन और फॉलेट होता है। इतना ही नहीं इसमें मैग्नीशियम और जिंक भी भरपूर मात्रा में होता है। शाकाहारियों के लिए यह प्रोटीन का बेहतरीन स्त्रोत है। इसमें अच्छी मात्रा में फाइबर होता है, जो पेट को भरा रखता है और वजन कम करने में मदद करता है। आयुर्वेद में काला चना मांसधातु वर्धक, बल्य और अग्नि-स्थिर माना गया है। यह शरीर में केवल वजन नहीं, घनत्व, ताकत और सहनशक्ति बनाता है। आपने काले चने को फ्राई करके या सब्जी बनाकर तो खाया होगा, लेकिन आप इससे सुबह नाश्ते में हेल्दी ब्रेकफास्ट भी बना सकते हैं।
काला चना चीला
भीगे हुए काले चने से आप सुबह नाश्ते में चीला बना सकते हैं। इसके लिए आपको काले चने को भिगोकर उसमें अदरक, हरी मिर्च और थोड़ा सा अजवाइन डालकर ग्राइंडर में पीस लेना है। अब इसके घोल को तवे पर डालकर चीला बना सकते हैं।
काला चना पराठा
उबले हुए काले चने को मैश कर लें। उसमें अदरक, अमचूर, जीरा और हरी मिर्च मिलाएं। आप इसमें पनीर, प्याज भी डाल सकते हैं।इस मिश्रण को पराठे में भरकर घी या तेल में सेंक लें।
हाई प्रोटीन हमस (Hummus)
आपने सफेद चने वाला हमस तो खाया होगा, लेकिन आप काले चने से भी इसे तैयार कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए उबले चने में लहसुन, तिल या ताहिनी, नींबू का रस और थोड़ा सा ऑलिव ऑयल डालकर पीस लें। इसके बाद ब्राउन ब्रेड पर लगाएं। सब्जियों के साथ डिप या रैप में इस्तेमाल कर सकते हैं।
