बारिश के मौसम में शाम की चाय के साथ अगर कुछ स्वादिष्ट और हेल्दी खाने का मन है, तो काबुली चना-पनीर कटलेट ट्राई कर सकते हैं। काबुली चना और पनीर से तैयार ये कटलेट बाहर से कुरकुरे और अंदर से सॉफ्ट होते हैं। इन्हें बनाने के लिए ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी पड़ती। तो चलिए जानते हैं घर पर स्वादिष्ट काबुली चना-पनीर कटलेट बनाने की आसान रेसिपी।

काबुली चना-पनीर कटलेट बनाने की रेसिपी

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

1 कप काबुली चना
150 ग्राम पनीर
1 छोटा प्याज, बारीक कटा
1-2 हरी मिर्च, बारीक कटी
1 छोटा चम्मच अदरक कद्दूकस किया हुआ
2 बड़े चम्मच बेसन
2 बड़े चम्मच ब्रेड क्रम्ब्स
1/2 छोटा चम्मच जीरा
1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1/2 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
1/4 छोटा चम्मच गरम मसाला
1/2 छोटा चम्मच अमचूर पाउडर
नमक स्वादानुसार
1-2 छोटे चम्मच नींबू का रस
सेंकने के लिए थोड़ा तेल

ऐसे बनाएं काबुली चना-पनीर कटलेट

कटलेट बनाने के लिए आपको सबसे पहले याद से काबुली चने को 7-8 घंटे या रातभर पानी में भिगो देना है। सुबह पानी निकालकर चनों को अच्छी तरह उबाल लें। इस बात का ख्याल रखें कि चनों में पानी बिल्कुल न बचा हो, वरना कटलेट का मिश्रण ढीला हो सकता है। फिर उबले हुए चनों को मिक्सर में डालकर हल्का दरदरा पीस लें। इसे पीसते समय इस बात का ख्याल रखें कि बिल्कुल बारीक पेस्ट न बनाएं, इससे कटलेट का टेक्सचर अच्छा रहेगा।

एक बड़े बाउल में पिसे हुए चने, मसला हुआ पनीर, प्याज, हरी मिर्च, अदरक, बेसन, ब्रेड क्रम्ब्स और सभी मसाले डालें। इसमें नींबू का रस और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। फिर आपको मिश्रण से छोटे-छोटे हिस्से लेकर गोल या चपटे कटलेट बना लेने है। अगर मिश्रण ज्यादा नरम लग रहा है तो थोड़ा और ब्रेड क्रम्ब्स या बेसन मिला सकते हैं। इसके बाद तवा गर्म करें। उस पर थोड़ा तेल लगाएं।

कटलेट रखें और मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें। बहुत तेज आंच पर पकाने से बाहर की परत जल्दी भूरी हो सकती है, जबकि अंदर का हिस्सा ठीक से गर्म नहीं होगा। अब आती है सर्व करने की बारी। गरमा-गरम काबुली चना-पनीर कटलेट को हरी चटनी, इमली की चटनी या दही के साथ सर्व करें। बारिश के मौसम में इसे चाय के साथ भी परोसा जा सकता है।