अलमारी में कपड़ों को सही तरीके से व्यवस्थित न करने पर उन्हें समय पर ढूंढना काफी मुश्किल हो जाता है। अक्सर जल्दबाजी में लोग कपड़ों को अलमारी में ऐसे ही रख देते हैं। धीरे-धीरे अलमारी भर जाती है और कपड़े बाहर गिरने लगते हैं। लेकिन अगर सही तरह से कपड़े रखें, तो यह समस्या खत्म हो सकती है। चाहे महिला हों या पुरुष, जींस दोनों के फेवरेट आउटफिट्स में से एक है। ज्यादातर लोगों के पास कई स्टाइलिश जींस होती हैं। चूंकि जींस का कपड़ा थोड़ा मोटा है और यह अलमारी में ज्यादा जगह घेरती है, इसलिए इन्हें सही तरीके से रखने से न केवल जगह बचती है बल्कि अन्य कपड़े भी आसानी से व्यवस्थित किए जा सकते हैं।

जींस को लोग ऐसे ही मोड़कर अलमारी में रख देते हैं, जिससे उसमें सिलवटें पड़ जाती हैं और कपड़ा भी दब जाता है। इसके साथ ही लंबे समय तक अगर वह सही तरीके से न रखा जाए तो उसकी फिटिंग भी ढीली पड़ सकती है साथ ही कलर भी फेड हो सकता है और फैब्रिक जल्दी खराब होने लगती है। यहां पर कुछ आसान तरीके बताए गए हैं, जिनकी मदद से आप जींस को स्मार्ट तरीके से फोल्ड कर व्यवस्थित तरीके से रख सकते हैं।

पहला तरीका
जींस को मोड़ते समय उसे पूरी तरह सीधा फैला दें। फिर जींस के पैरों को एक-दूसरे के ऊपर रखें और नीचे से मोड़े हुए ऊपर तक फोल्ड करें। इस तरीके से जींस में ज्यादा सिलवटें नहीं पड़तीं और वह अलमारी में कम जगह लेती है।

दूसरा तरीका
जींस को रोल करके भी स्टोर कर सकते हैं, इससे यह कम जगह घेरती है। इसके लिए सबसे पहले जींस को सीधे बिछा दें। पैरों को मिलाकर टाइल रोल बनाएं। इसे अलमारी के ड्रॉर या बॉक्स में सीधा खड़ा या लेटाकर रख सकते हैं। इससे जगह बचती है और जींस पर फोल्ड लाइन्स भी कम पड़ती हैं।

तीसरा तरीका
जींस को फोल्ड करने का एक और तरीका है फाइल स्टाइल में। इसके लिए जींस को फैला दें और लंबाई में आधा मोड़ें, ताकि दोनों पैर एक साथ हों। फिर इसे छोटे, एक जैसे आकार में फोल्ड करें। अलमारी के ड्रॉर में सीधे खड़ा करके रखें जैसे फाइलें रखते हैं।

चौथा तरीका
जींस को सही तरह से फोल्ड करने का सबसे आसान तरीका है कि इसे हैंगर में टांग दें। इससे आपकी अलमारी में पर्याप्त जगह बचती है। साथ ही जींस पर प्रेशर भी नहीं पड़ता और उसकी शेप भी खराब नहीं होती। अगर महंगी जींस हैं तो उन्हें हैंगर में टांगना ज्यादा उचित होगा।

Also Read
अलमारी में साड़ियों की लग गई है ढेर, इन 7 आसान तरीकों से मिनटों में करें सेट