जाह्नवी कपूर ने पेरिस में एक खास साड़ी पहनकर सबका ध्यान खींचा, जिसकी खूबसूरती सिर्फ उसके लुक में नहीं बल्कि उसके पीछे छिपी सदियों पुरानी कारीगरी में है। बिजनेस ऑफ फैशन गाला के लिए जाह्नवी ने Pankaj S Heritage की 460 काउंट वाली बंगाल मुस्लिन साड़ी पहनी। इस साड़ी की खासियत इसकी बेहद हल्की और हवा जैसी महीन बुनावट है। यही वजह है कि इसे ‘Baft-e-Hawa’ यानी ‘बुनी हुई हवा’ भी कहा जाता है।
कजिन रिया कपूर ने जाह्नवी के इस लुक को स्टाइल किया था। साड़ी खुद-रंग (Khud-Rang) यानी बिना ब्लीच या रंगे हुए प्राकृतिक रंग में थी। इसके साथ जाह्नवी ने पोल्की, गार्नेट और एमराल्ड से सजे हुए एक बेहद खूबसूरत ब्लाउज को पेयर किया। ब्लाउज की स्लीव्स पर सराफा टैसल्स और रेशम की फ्रिंजिंग ने पूरे लुक को और खास बना दिया।
इंडियन एक्सप्रेस के साथ बातचीत में फैशन कंसल्टेंट, ब्रांड एंड इमेज स्ट्रैटेजिस्ट और NIFT की पूर्व छात्रा स्नेहा यादव ने बताया कि इस लुक की खूबसूरती साड़ी की सादगी और ब्लाउज पर खास कारीगरी के बीच बने कॉन्ट्रास्ट में है।

क्या है ‘Baft-e-Hawa’?
Baft-e-Hawa का मतलब है ‘बुनी हुई हवा’। नाम सुनने में भले ही थोड़ा रोचक या अजीब लगे, लेकिन इस कपड़े के हल्केपन की वजह से यह नाम दिया गया है।
Abritee की को-फाउंडर और डायरेक्टर नबनिता घोष ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि यह बेहद महीन ढाका मुस्लिन की परंपरा से जुड़ा कपड़ा है। इसे तैयार करने के लिए फुटी करपास (Phuti Karpas) नाम के बेहद नाजुक कपास का इस्तेमाल किया जाता था। यह कपास बांग्लादेश के मेघना नदी के आसपास के नम और उपजाऊ इलाकों में उगता था।
इस कपड़े को तैयार करना कोई आसान काम नहीं था। बेहद महीन धागे को संभालने के लिए कारीगरों को बहुत धैर्य, अनुभव और बेहद अच्छी नजर की जरूरत होती थी। घोष के मुताबिक, धागा टूट न जाए, इसके लिए सुबह और शाम ही इससे कपड़ा तैयार किया जाता था।
यानी जिस कपड़े को देखकर आज हमें सिर्फ उसकी खूबसूरती नजर आती है, उसके पीछे कारीगरों की बारीकी और सालों का हुनर छिपा है।
460 काउंट का क्या मतलब है?
यहां ‘काउंट’ धागे की महीनता को बताने वाला पैमाना है। आसान भाषा में कहें तो काउंट जितना ज्यादा होता है, धागा उतना ही महीन माना जाता है।
नबनिता घोष ने बताया कि खुद-रंग यानी बिना रंगे कपड़े में कारीगर के लिए अपनी छोटी-सी गलती भी छिपाना मुश्किल होता है। कपड़े पर कोई रंग या फिनिशिंग नहीं होती है। इसलिए उसकी बुनाई की गुणवत्ता सीधे कारीगर के हाथों के हुनर को दिखाती है।

‘बुनी हुई हवा’ से जुड़े हैं ये नाम
इस बेहद महीन कपड़े को बाफ्त-ए-हवा, शबनमी और चांदनी जैसे नामों से भी जाना जाता है।
शबनमी का अर्थ ओस से जुड़ा है, वहीं चांदनी नाम तो अपने आप में ही खास है। इन नामों से ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस कपड़े को छूने और देखने वाले लोगों को इसकी नर्मी और हल्केपन का एहसास होता रहा होगा।
औरंगजेब से जुड़ी है एक मशहूर कहानी
ढाका मुस्लिन से जुड़ी सबसे मशहूर कहानियों में से एक मुगल बादशाह औरंगजेब के समय की बताई जाती है।
कहा जाता है कि उस दौर में ढाका मुगल साम्राज्य का एक महत्वपूर्ण केंद्र था। बेहद महीन मलमल खास शाही दरबार के लिए तैयार की जाती थी। एक मशहूर किस्से के मुताबिक, औरंगजेब ने अपनी बेटी जैब-उन-निसा को यह कहकर टोका कि वह बिना कपड़ों के नजर आ रही हैं। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि उन्होंने कपड़े की सात परतें पहन रखी हैं।
हालांकि, इस कहानी को अक्सर कपड़े की पारदर्शिता से जोड़कर देखा जाता है। नबनिता घोष के मुताबिक, असली खासियत सिर्फ कपड़े का पतला होना नहीं थी। असली हुनर था इतना महीन, बराबर और नाजुक कपड़ा तैयार करना जो पहनने लायक मजबूत भी हो।
जाह्नवी का लुक क्यों लगा खास?
इतने नाजुक और खूबसूरत कपड़े के साथ जरूरत से ज्यादा सजावट पूरे लुक को भारी बना सकती थी। जाह्नवी के लुक में साड़ी को सादा रखा गया, जिससे उसकी महीन बुनावट और हल्कापन साफ नजर आया। वहीं ब्लाउज की हैवी डिटेलिंग ने पूरे लुक में ग्लैमर और स्ट्रक्चर जोड़ा।
स्नेहा यादव के मुताबिक, इसी सॉफ्टनेस और स्ट्रक्चर के कॉन्ट्रास्ट ने लुक को खास बनाया। साड़ी भारतीय शिल्प की परंपरा से जुड़ी रही, लेकिन उसकी स्टाइलिंग ने उसे मॉडर्न और स्कल्प्चरल फील दी।
यानी जाह्नवी का पेरिस लुक सिर्फ एक सेलिब्रिटी फैशन मोमेंट नहीं था। इसमें भारतीय टेक्सटाइल की एक ऐसी परंपरा भी नजर आई, जिसमें कपड़े की महीन बुनाई से लेकर उसे तैयार करने वाले कारीगर का हुनर तक, हर चीज खास है।
पेरिस जाते वक्त भी दिखा जाह्नवी का अनोखा अंदाज
जाह्नवी कपूर के पेरिस फैशन मोमेंट की चर्चा इससे कुछ दिन पहले भी हुई थी। पेरिस जाते समय उन्होंने एक कस्टमाइज्ड टी-शर्ट पहनी थी, जिस पर लिखा था— “If lost, please return to Shikhar Pahariya.” इस मजेदार मैसेज ने भी उनके लुक को सोशल मीडिया पर चर्चा में ला दिया था।
डिस्क्लेमर: यह लेख पब्लिक डोमेन में उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञों से बातचीत के आधार पर तैयार किया गया है।
