अगर कड़ाही सिर्फ ऊपर या अंदर से काली पड़ गई है, हैंडल में भी गंदगी भर गई या फिर खाना या तेल जलकर चिपक गया है, तो हर बार स्टील स्क्रबर से जोर-जोर से रगड़ना जरूरी नहीं होता। इससे कड़ाही की सतह खराब हो सकती है, खासकर अगर वह एल्यूमिनियम या नॉन-स्टिक हो।

यहां 5 ऐसे तरीके बताए गए हैं जिनकी मदद से आप कड़ाही को आसानी से साफ कर पाएंगी। इस बात का ध्यान रखें कि तरीका चुनने से पहले यह जरूर देखें कि कड़ाही लोहे (Cast Iron), स्टील, एल्यूमिनियम या नॉन-स्टिक की है। हर मटेरियल के लिए एक जैसा तरीका सही नहीं होता।

गर्म पानी और बर्तन धोने वाले लिक्विड का ‘सोकिंग’ तरीका (हल्की जली कड़ाही के लिए)

अगर कड़ाही हल्की जली है और आप उसे साफ करना चाहते हैं तो यह तरीका अपना सकतेहैं। इसके लिए कड़ाही में गर्म (उबलता नहीं) पानी भरें। कुछ बूंदें बर्तन धोने वाला लिक्विड डाल दें। इसके बाद 20-30 मिनट छोड़ दें। फिर लकड़ी या सिलिकॉन के स्पैचुला से जली हुई परत को हल्के हाथ से निकालें और फिर स्पंज से साफ करें। यह तरीका आप स्टील, एल्यूमिनियम और नॉन-स्टिक की कड़ाही के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।

बेकिंग सोडा का गाढ़ा पेस्ट

सबसे पहले 2-3 चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा-सा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाएं। इसे जले हुए हिस्से पर 20-30 मिनट लगा रहने दें। इसके बाद मुलायम स्क्रबर से साफ करें। अगर कड़ाही में दाग ज्यादा जिद्दी हों, तो थोड़ा पानी डालकर 5-10 मिनट हल्का गर्म भी कर सकते हैं।

सिरका और गर्म पानी की भाप वाला तरीका

यह तरीका भी आपको काम आ सकता है। इसके लिए कड़ाही में इतना पानी डालें कि जला हुआ हिस्सा ढक जाए। उसमें थोड़ा सफेद सिरका मिलाकर 5 मिनट तक हल्का उबाल लें। गैस बंद करने के बाद पानी फेंक दें और ऊपर से थोड़ा बेकिंग सोडा छिड़ककर स्पंज से साफ करें। यह तरीका आप स्टील और एल्यूमिनियम की कड़ाही पर इस्तेमाल कर सकते हैं। एक बात का ध्यान रखें। नॉन-स्टिक बर्तनों को लंबे समय तक तेज आंच पर न उबालें।

नमक और नींबू का तरीका

अगर कड़ाही के बाहर कालिख या चिकनाई की मोटी परत जम गई है, तो उस हिस्से पर मोटा नमक छिड़कें। आधे नींबू से हल्के हाथ से रगड़ें और 10 मिनट छोड़ दें। फिर गुनगुने पानी से धो लें। यह तरीका पुराने समय से इस्तेमाल होता रहा है और हल्के दाग व चिकनाई हटाने में मदद कर सकता है। यह स्टील, लोहे की कड़ाही के बाहरी हिस्से के लिए अच्छा ऑप्शन है।

लोहे की कड़ाही के लिए दोबारा ‘सीजनिंग’ करें

अगर लोहे की कड़ाही पर जंग, कालापन या जली हुई परत बार-बार बन रही है, तो केवल साफ करना काफी नहीं होता। पहले जमी हुई परत हटाएं, अच्छी तरह सुखाएं और फिर उस पर बहुत पतली परत में खाने का तेल लगाकर 180–200°C के आसपास (ओवन उपलब्ध हो तो) या धीमी आंच पर कुछ मिनट गर्म करें। इससे कड़ाही पर एक सुरक्षात्मक परत बनने में मदद मिलती है और खाना चिपकने की संभावना कम होती है।