Jain Samosa: गरमागरम और कुरकुरे समोसे का नाम आते ही अक्सर मुंह में पानी आ जाता है। समोसे की वो आलू की मसालेदार स्टफिंग वाला स्वाद याद आते ही भूख लगने लगती है। लेकिन क्या आपने कभी ऐसा समोसा खाया है, जिसमें आलू या प्याज न हो। फिर भी स्वाद में कोई कमी न लगे? जैन समोसा इसी खासियत की वजह से आम समोसे से अलग माना जाता है।

जैन खान-पान की परंपराओं को ध्यान में रखते हुए इसकी स्टफिंग तैयार की जाती है, जिसमें आलू की जगह कच्चे केले जैसी सामग्री का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, जैन समोसे की कोई एक तय रेसिपी नहीं होती और अलग-अलग जगह इसकी स्टफिंग में बदलाव देखने को मिल सकता है। सख्त जैन शैली में आलू जैसी कुछ जड़/कंद वाली सब्जियों से परहेज किया जाता है।

जैन समोसे से जुड़ी खास बातें

बाहर की परत लगभग आम समोसे जैसी ही होती है। असली अंतर मुख्य रूप से उसकी स्टफिंग में नजर आता है। जैन समोसे की कई वैरायटी हो सकती हैं। कुछ जगह कच्चे केले के साथ मटर डाली जाती है, जबकि कहीं दूसरी सब्जियों या सामग्री से फिलिंग बनाई जाती है। इसलिए इसे किसी एक निश्चित सामग्री तक सीमित करना सही नहीं होगा। आइए शेफ संजीव कपूर से जानते हैं जैन समोसा बनाने का तरीका।

जैन समोसा बनाने के लिए जरूरी चीजें

4-5 कच्चे केले (उबाले हुए, छिले हुए और मैश किए हुए)
1 1/2 कप मैदा (अजवाइन डालकर गूंथा हुआ)
1/2 कप उबली हुई हरी मटर
1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
2 छोटे चम्मच गरम मसाला पाउडर
2 हरी मिर्च (कटी हुई)
स्वादानुसार नमक
1/2 छोटा चम्मच चीनी
2 छोटे चम्मच नींबू का रस
1 बड़ा चम्मच ताज़ा हरा धनिया (कटा हुआ)
डीप-फ्राई करने के लिए तेल

जैन समोसा बनाने की नोट कर लें रेसिपी

सबसे पहले एक बाउल में कच्चे केले, हरी मटर, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, हरी मिर्च, नमक, चीनी, नींबू का रस और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद आपको एक कड़ाही में तेल गरम करना है। फिर गूंथे हुए आटे को आठ बराबर हिस्सों में बांट लें और उनकी लोइयां बना लें। इसके बाद लोइयों को बेलकर ओवल शेप की पतली पूरियां बना लें। इसके बाद पूरियों को बीच से आधा काट लेना है। हर आधे हिस्से को मोड़कर कोन का आकार दें। कोन में कच्चे केले का मिश्रण भरें। फिर सावधानी पूर्वक किनारों पर पानी लगाकर समोसे का आकार दें। फिर समोसों को गरम तेल में सुनहरा होने तक डीप-फ्राई करें। फिर उन्हें एब्जॉर्बेंट पेपर पर निकाल लें। फिर सर्विंग प्लेट में सजाएं और गरमा-गरम परोसें।