गर्मी के मौसम में पौधों की देखभाल खास तरह करना जरूरी होता है। बढ़ते तापमान का असर पौधों पर भी पड़ता है। इस मौसम में पौधों को सही तरह से खाद, पानी और धूप दिखाना जरूरी हो जाता है। क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही के चलते पौधे सूख सकते हैं, इनकी पत्तियां पीली हो सकती हैं या फिर ये जल्दी मुरझाने लगते हैं। गर्मी के मौसम में जेड प्लांट की पत्तियां भी कई बार पीली पड़ने लगती हैं।

काफी लोग जेड प्लांट को सुख-समृद्धि से जोड़कर देखते हैं। वास्तु शास्त्र के अनुसार यह पौधा जिस घर में रहता है वहां तरक्की के रास्ते खुलते हैं। लेकिन अगर पौधा सूखने या मुरझाने लगे तो ये घर में आने वाली समस्याओं का संकेत हो सकता है। ऐसे में जेड प्लांट को हरा भरा बनाए रखना जरूरी है। गर्मी के मौसम में कई बार जेड प्लांट की पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं। ऐसे में समझ नहीं आता कि पौधे में क्या कमी हो गई है जिसकी वजह से इसकी पत्तियां पीली पड़ रही हैं। आइए जानते हैं इस मौसम में किस तरह जेड प्लांट के पौधे की सही तरीके से देखभाल करें, जिससे यह पौधा हरा-भरा बना रहे।

पानी देने का सही तरीका

कई बार पानी गलत तरीके से देने के चलते भी पौधे की पत्तियां पीली हो सकती हैं। यह एक सकुलेंट यानी रसीला पौधा है। इसकी पत्तियों और तनों में पहले से काफी मात्रा में पानी जमा रहता है। इसलिए इसे रोज पानी नहीं देना चाहिए। बार-बार पानी डालने से पौधे को नुकसान पहुंच सकता है। जब मिट्टी पूरी तरह से सूख जाए तभी पौधे को पानी देना चाहिए।

कितनी चाहिए होती है धूप

जेड प्लांट धूप वाला पौधा है, इसे ऐसी जगह पर रखना चाहिए जहां पर्याप्त धूप मिल सके। अगर इसे छायादार वाली जगह पर रख देंगे, तो इससे इसकी पत्तियां पीली पड़ सकती हैं और पौधा जल्दी सूख सकता है। जेड प्लांट को रोजाना कम से कम 4 से 6 घंटे की अच्छी धूप चाहिए होती है। सुबह की धूप पौधे के लिए बेहतर मानी जाती है।

पीली पत्तियों की वजह

जेड प्लांट की पत्तियों का पीला होना इस बात का संकेत हो सकता है कि पौधे की देखभाल में कोई कमी रह गई है। ज्यादातर धूप की कमी, खराब ड्रेनेज सिस्टम या ज्यादा पानी के चलते इसकी पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं। ऐसे में सबसे पहले पौधे की मिट्टी और उसकी जगह की जांच करें।

सही समय पर दें खाद

पौधों को स्वस्थ रखने में खाद अहम भूमिका निभाती है। लेकिन कम या अधिक खाद दोनों ही पौधे को नुकसान पहुंचा सकती है। ऐसे में गमले की मिट्टी जब कमजोर नजर आए तभी खाद देना बेहतर माना जाता है। फरवरी से अगस्त के बीच पौधा अधिक बढ़ता है। ऐसे में आप महीने में एक बार वर्मीकंपोस्ट या हल्की मात्रा में लिक्विड फर्टिलाइजर दे सकते हैं। इसके अलावा जेड प्लांट की समय-समय पर हल्की छंटाई भी करते रहना चाहिए। इससे नई शाखाएं निकलती हैं और पौधा ज्यादा घना होता है।

कैसी होनी चाहिए मिट्टी

जेड प्लांट के लिए बगीचे की मिट्टी उपयुक्त नहीं मानी जाती, क्योंकि ऐसी मिट्टी में पानी अधिक समय तक रुकता है, जिससे इसकी जड़ें सड़ सकती हैं। ऐसे में हल्की, भुरभुरी और जल्दी पानी निकालने वाली मिट्टी का चुनाव करना चाहिए।

डिस्क्लेमर: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए विशेषज्ञ से जरूर परामर्श करें।

Also Read
फल और सब्जियों के छिलके फेंकें नहीं, ऐसे बनाएं पौधों के लिए ऑर्गेनिक खाद