Jade Plant Care Tips: घर को खूबसूरत और आकर्षक दिखाने के लिए सजावटी पौधे की लिस्ट में जेड प्लांट का नाम सबसे पहले आता है। यह बहुत ही कम रखरखाव वाला खूबसूरत सक्यूलेंट पौधा है। आमतौर पर इस पौधे को लिविंग रूम, बेडरूम, मेन गेट या बालकनी में लगाना पसंद करते हैं। यह प्राकृतिक रूप से हवा को शुद्ध करने का काम करता है। अगर आपके घर में भी जेड प्लांट लगा है, तो सर्दियों से पहले पौधे की देखभाल से जुड़ी कुछ टिप्स काम आ सकती हैं।
जेड प्लांट आमतौर पर नवंबर से फरवरी के बीच में डोर्मेंसी (सप्त अवस्था) में जाता है। अक्टूबर के अंत तक ठंड बढ़ने लगती है और इसके साथ ही जेड प्लांट की ग्रोथ भी धीमी होने लगती है। ऐसे में सर्दियां आने से पहले जेड प्लांट की देखभाल से जुड़ी इन टिप्स की मदद से पौधे को स्वस्थ और हरा-भरा बनाए रख सकते हैं।
प्रूनिंग करें
मानसून में ढेर सारी बारिश की वजह से जेड प्लांट को ज्यादा मात्रा में नाइट्रोजन मिलता है, जिसकी वजह से पौधे की ग्रोथ तेजी से होती है। इस दौरान पौधे की प्रूनिंग नहीं हो पाती है, जिसकी वजह से इसका आकार असमान हो सकता है। प्रूनिंग के लिए अक्टूबर का समय अच्छा माना जाता है। साथ ही इसकी पिंचिंग भी करें, ताकि पौधा घना हो सके। जेड प्लांट को गर्मी का मौसम ज्यादा पसंद होता है। यही वजह है कि सर्दियों में इनकी देखभाल करना जरूरी है।
खाद का इस्तेमाल
पौधे की प्रूनिंग करने के बाद इसमें खाद का उपयोग करें। इससे पौधे की ग्रोथ बेहतर तरीके से हो पाती है। यह पत्तों वाला पौधे है, तो इसमें इप्सम सॉल्ट का पानी में मिलाकर स्प्रे कर सकते हैं। आप चाहें तो इसे मिट्टी में भी मिला सकते हैं। अगर छोटे गमले में जेड प्लांट लगा है, तो इसमें 1 या 2 चम्मच एप्सम साल्ट का इस्तेमाल करें। इससे पत्तियों अच्छी तरह विकसित होती है।
कीटनाशक उपाय
मानसून के दौरान पौधे में कीड़े लग सकते हैं, ऐसे में इसकी पत्तियों को अच्छी तरह चेक करें। अगर पत्तियों में मिलीबग्स दिख रहे हैं, तो इंसेक्टिसाइड का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें नीम ऑयल का स्प्रे किया जा सकता है। इसके लिए 1 चम्मच नीम ऑयल और कुछ बूंदें लिक्विड डिशवॉश को पानी में अच्छी तरह घोल लें। अब इसे पूरे पौधे पर स्प्रे करें।
पौधे की देखभाल का तरीका
जेड प्लांट की अच्छी ग्रोथ के लिए जरूरी है कि गमले को साफ रखा जाए। अगर मिट्टी में पत्तियां गिरी हैं, तो उन्हें हटा दें। साथ ही मिट्टी की हल्की गुड़ाई करें और ऊपर से जैविक खाद का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए आपको बाजार से फर्टिलाइजर लाने की जरूरत नहीं है। बल्कि घर पर इस्तेमाल की गई चायपत्ती को मिट्टी में डाल दें। इसका इस्तेमाल 10 या 12 दिन में कर सकते हैं।
जेड प्लांट की जड़ें ज्यादा फैल गई हैं और गुड़ाई करते समय दिक्कत हो रही है, तो ऐसे में इसकी रिपॉटिंग भी कर सकते हैं। बड़े गमले में भुरभुरी मिट्टी डालकर इस पौधे को अच्छी तरह लगा दें। अक्टूबर का समय प्रूनिंग, खाद और रिपॉटिंग के लिए अच्छा माना जाता है। क्योंकि कुछ समय बाद पौधे डॉर्मेंसी में जाने लगेंगे और इस दौरान पौधे की ग्रोथ धीमी हो जाएगी। इसके अलावा पौधे को पानी तभी दें जब मिट्टी अच्छी तरह सूख जाए। अगर पत्तियां ज्यादा मोटी दिख रही हैं, तो भी पानी देने से बचें।
