कमरे को आकर्षक बनाने में बेडशीट अहम भूमिका निभाते हैं। बेडशीट जितनी साफ-सुथरी होती है कमरा उतना ही खूबसूरत नजर आता है। लेकिन समय के साथ बेडशीट पर छोटे-छोटे रोएं यानी लिंट नजर आने लगते हैं। चादर जितनी पुरानी होती है, उसमें रोएं और फज की समस्या उतनी ही बढ़ती जाती है। हालांकि, कई बार तीन-चार बार इस्तेमाल करने के बाद ही बेडशीट पर छोटे-छोटे रोएं दिखाई देने लगते हैं।

ऐसे में बेडशीट पुरानी और गंदी नजर आने लगती है और अक्सर लोग इसे बदल देते हैं या फिर वही पुरानी चादर का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन कुछ घरेलू तरीके हैं जिनकी मदद से आप चादर पर जमा हुए छोटे-छोटे रोओं को आसानी से हटा सकते हैं और उसे दोबारा साफ-सुथरा और नया जैसा बना सकते हैं।

1- कपड़े का ब्रश आ सकता है काम

चादर पर इकट्ठा हुए छोटे-छोटे रोओं को हटाने का सबसे आसान तरीकों में से एक कपड़ा साफ करने वाला ब्रश है। या फिर आप फैब्रिक ब्रश का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। ब्रश को बेडशीट पर हल्के हाथ से एक ही दिशा में चलाएं। इससे चादर की सतह पर चिपके ढीले रोएं और धूल आसानी से निकल सकते हैं। दो-तीन बार इस तरह साफ करने से रोओं की समस्या से काफी हद तक निजात पाया जा सकता है।

2- चौड़ी टेप का कमाल

अगर आपके पास ब्रश या अन्य चीजें नहीं हैं तो चौड़ी टेप की मदद से भी चादर पर जमा हुए रोएं की सफाई कर सकते हैं। इसके लिए सेलो टेप या पैकिंग टेप को हथेली के चारों ओर इस तरह लपेटें कि उसका चिपचिपा हिस्सा बाहर की तरफ रहे। अब टेप को बेडशीट की सतह पर हल्के हाथ से दबाते हुए उसे तुरंत उठाते जाएं। टेप के चिपचिपे हिस्से पर रोएं आसानी से टेप पर चिपक सकते हैं। चादर के जिन हिस्सों पर रोएं ज्यादा हैं, वहां इस प्रक्रिया को दो-तीन बार दोहरा सकते हैं।

3- रबर ग्लव्स से हो सकता है साफ

बेडशीट पर जमा हुए रोएं को हटाने के सबसे आसान घरेलू उपायों में से एक रबर ग्लव्स भी है। इसके लिए ग्लव्स पहनकर उन्हें हल्का गीला कर लें और अतिरिक्त पानी को अच्छी तरह झटक दें। अब बेडशीट की सतह पर हाथ को एक ही दिशा में धीरे-धीरे फेरते हुए साफ करें। ग्लव्स की नमी और रबर की सतह की वजह से रोएं ढीले होने लगते हैं और छोटे रेशे एक जगह इकट्ठा हो जाते हैं, जिन्हें आप आसानी से हटा सकते हैं।

ऐसे में आप इन आसान उपायों की मदद से बेडशीट पर जमा हुए रोएं को आसानी से हटा सकते हैं। हालांकि, अगर बेडशीट पर ज्यादा रोएं हैं तो इसके लिए लिंट रोलर का इस्तेमाल किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें
कपड़े या बैग की खराब हो गई है चेन, घर पर इन आसन हैक्स से मिनटों में करें ठीक