भारतीय घरों में चावल का सेवन व्यापक रूप से किया जाता है। इसकी मदद से कई सारे स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए जाते हैं। सादे चावल को पकाने के बाद अक्सर दाल, सब्जी या अन्य ग्रेवी व्यंजनों के साथ खाया जाता है। लेकिन चावल पकाने के बाद उसे दोबारा गर्म करना चाहिए या नहीं, इसे लेकर अक्सर लोगों में असमंजस रहता है। दरअसल, कई स्वास्थ्य विशेषज्ञ और आयुर्वेद में भी यह बताया गया है कि एक बार चावल पकाने के बाद उसे ताजा ही खाना चाहिए। बार-बार उसे गर्म नहीं करना चाहिए। इसके साथ ही कुछ लोगों का मानना है कि इसे फ्रिज में भी नहीं रखना चाहिए। साथ ही अगर रात में चावल बनाया गया है तो सुबह इसके सेवन से बचना चाहिए। काफी लोग बासी चावल को गर्म करके खाना पसंद करते हैं। लेकिन इसको लेकर एक सवाल उठता है कि एक से ज्यादा बार गर्म करने पर यह कितना सुरक्षित है।
चावल को पकाने के बाद कैसे ठंडा किया गया, कितनी देर तक बाहर रखा गया और किस तरह स्टोर किया गया है, इन बातों का भी ध्यान रखना जरूरी होता है। आइए विस्तार से जानते हैं इसके बारे में:
चाव को दोबारा गर्म करना चाहिए या नहीं
इंडियन एक्सप्रेस की टीम ने नारायण आरएन टैगोर हॉस्पिटल, मुकुंदापुर, कोलकाता की डाइटीशियन दीपा मिश्रा से चावल को लेकर बातचीत की तो उन्होंने बताया, “चावल को एक से ज्यादा बार गर्म करने से आमतौर पर बचना चाहिए, खासकर तब जब खाने के बीच इसे सही तरीके से स्टोर न किया गया हो। हालांकि, दोबारा गर्मा करना खतरनाक नहीं है, लेकिन इसे सही तरीके से स्टोर न करने और बार-बार कमरे के तापमान पर रखने फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ सकता है।”
ज्यादा बार गर्म करने पर क्या होता है
चावल से जुड़ी मुख्य चिंताओं में से एक बैसिलस सेरेस नामक बैक्टीरिया है, जो कच्चे चावल में आमतौर पर पाया जाता है। वह कहती हैं, “बैक्टीरिया ऐसे बीजाणु बना सकता है, जो तेज गर्मी में भी आसानी से नष्ट नहीं होते। पकाने के बाद जब चावल को लंबे समय तक 4 से 60 डिग्री सेल्सियस के बीच के तापमान पर रखा जाता है, तो ये स्पोर्स बढ़ सकते हैं और जहरीले पदार्थ (टॉक्सिन) बना सकते हैं। इनमें से कुछ टॉक्सिन गर्म करने के बाद भी नष्ट नहीं होते। इसलिए, अगर चावल को सही तरीके से स्टोर नहीं किया गया है, तो उसे सिर्फ दोबारा गर्म करने से वह जरूरी नहीं कि खाने के लिए सुरक्षित हो जाए।”
इसके अलावा, चावल को बार-बार गर्म करने से उसकी गुणवत्ता और बनावट भी खराब हो सकती है। इससे चावल का पानी कम हो सकता है और उसमें मौजूद स्टार्च की संरचना बदल सकती है। इसके कारण चावल सूखे, बहुत नरम, सख्त या जरूरत से ज्यादा चबाने में मुश्किल हो सकते हैं। हालांकि, समस्या सिर्फ इतनी नहीं है। “चावल को बार-बार गर्म करने से उनमें मौजूद कुछ पोषक तत्व भी कम हो सकते हैं। इससे भी ज्यादा जरूरी बात यह है कि अगर चावल को अच्छी तरह और समान रूप से गरम नहीं किया गया, तो उसका कुछ हिस्सा ऐसे तापमान पर रह सकता है, जहां बैक्टीरिया तेजी से बढ़ सकते हैं। इससे चावल के खराब होने और फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ सकता है।”
चावल को गर्म करने का सही तरीका
यानी, चावल को पकाने के बाद उसे फ्रिज में स्टोर करके रखा जा चावल को पकाने के बाद उसे फ्रिज में स्टोर करके रखा जा सकता है। दीपा मिश्रा कहती हैं कि सबसे अच्छा तरीका यही है कि जितना चावल खाना हो, उतना ही निकालकर गर्म करें और बाकी चावल को फ्रिज में रख दें। हालांकि, वह यह भी सलाह देती हैं, “पके हुए चावल को लंबे समय तक कमरे के तापमान पर रखने के बजाए जल्दी ठंडा करके फ्रिज में रखना चाहिए। जब दोबारा खाना हो, तो सिर्फ उतने ही चावल निकालें जितने खाने हैं और उन्हें अच्छी तरह गर्म करें। एक ही चावल को बार-बार गर्म करने से बचना चाहिए।” चावल को सही तरीके से ठंडा करना, समय पर फ्रिज में रखना, उचित तरीके से स्टोर करना और अच्छी तरह गर्म करना फूड पॉइजनिंग के खतरे को कम करने के लिए जरूरी है।
कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि चावल को पकाने के बाद दोबारा खाया जा सकता है। लेकिन इस दौरान खाने के लिए इसे सही तरीके से स्टोर करना जरूरी है। पूरे चावल को दोबारा गर्म करने के बजाए उतना ही गर्म करना चाहिए जितना खाना हो।
डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञों से बातचीत के आधार पर तैयार किया गया है। किसी भी तरह की दिनचर्या शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर या स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।
यह भी पढ़ें
INS 330, INS 322, INS 551: खाने के पैकेट पर लिखे इन कोड का क्या है मतलब?
