भारत में पनीर का सेवन व्यापक रूप से किया जाता है। इसका इस्तेमाल सब्जी और मिठाई बनाने से लेकर कई तरह के व्यंजन में किया जाता है। वैसे तो पनीर सेहत के लिए बेहद लाभकारी है, लेकिन इसके फायदे पाने के लिए उसका शुद्ध होना जरूरी है। क्योंकि, बाजार में कई बार मिलावटी पनीर की भी खबरें सामने आ चुकी हैं। खासकर त्योहारों के मौके पर जब इसकी मांग बढ़ती है, तो इसमें मिलावट भी बढ़ जाती है। काफी लोग ऐसे भी हैं जो बाजार की मिलावटी पनीर से बचने के लिए घर पर दूध से ही शुद्ध पनीर बनाते हैं। लेकिन क्या घर पर बनाया पनीर सुरक्षित है। आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं:
दरअसल, घर पर बनाया गया पनीर कितना सुरक्षित है, इसे लेकर इंडियन एक्सप्रेस की टीम ने डाइटिशियन गरिमा गोयल से बातचीत की। गरिमा गोयल के मुताबिक, घर पर बना पनीर एक बेहतर विकल्प हो सकता है, लेकिन केवल घर पर बनाए जाने से उसके सुरक्षित होने की गारंटी नहीं मिलती।
कितना सुरक्षित है घर पर बना पनीर
घर पर पनीर बनाने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आप इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री और इसे बनाने के तरीके पर खुद नियंत्रण रख सकते हैं। अगर आप अच्छी गुणवत्ता वाले दूध से पनीर बनाते हैं, तो आपको पता होता है कि उसमें क्या-क्या इस्तेमाल किया गया है। इससे बाजार में बिकने वाले कुछ उत्पादों में स्टार्च, दूध के अलावा दूसरे वसा, जरूरत से ज्यादा पानी या अन्य मिलावटी पदार्थों के इस्तेमाल को लेकर होने वाली अनिश्चितता कम हो सकती है।
हालांकि, गरिमा गोयल कहती हैं कि, घर पर बने पनीर की सुरक्षा काफी हद तक दूध की गुणवत्ता और उसे बनाते समय साफ-सफाई रखने पर निर्भर करती है। वह बताती हैं कि अगर दूध ही दूषित या मिलावटी है, तो उससे पनीर बनाने पर समस्या खत्म नहीं हो जाती। इसी तरह, बिना पश्चुरीकरण वाले दूध या गलत तरीके से रखे गए दूध का इस्तेमाल करने से भी पनीर में हानिकारक सूक्ष्मजीवों के पनपने का खतरा बढ़ सकता है।
घर पर बने पनीर की पोषण गुणवत्ता
पोषण के लिहाज से घर पर पनीर बनाने का एक और फायदा है कि आप अपनी जरूरत के अनुसार दूध का चुनाव कर सकते हैं। गरिमा गोयल के अनुसार, टोंड या कम वसा वाले दूध से बने पनीर में फुल क्रीम या अधिक वसा वाले दूध से बने पनीर की तुलना में वसा और कैलोरी की मात्रा अलग हो सकती है। हालांकि, इसका यह मतलब नहीं है कि कम वसा वाला पनीर हर किसी के लिए बेहतर विकल्प है। किस तरह का पनीर आपके लिए सही है, यह आपकी शारीरिक जरूरतों और पूरे दिन के खानपान पर निर्भर करता है।
बाजार में पनीर खरीदते समय किन बातों का रखें ध्यान
बाजार से पैकेट वाला पनीर खरीदते वक्त केवल उसके ब्रांडेड या बिना ब्रांड वाला होने के आधार पर उसकी गुणवत्ता का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है। पनीर खरीदते समय कुछ जरूरी बातों को ध्यान में रखना चाहिए।
FSSAI लाइसेंस की जांच करें: पैकेट पर दिए गए लाइसेंस संबंधी विवरण की जांच करें।
सामग्री सूची: पनीर बनाने में इस्तेमाल की गई सामग्री की जानकारी जरूर देखें।
निर्माण और एक्सपायरी: पनीर खरीदते समय सबसे पहले पैकेट पर लिखी तारीखों की जांच करें।
भंडारण संबंधी निर्देश: पनीर को किस तापमान पर रखना है, उसकी जांच करें।
पैकेट की जांच: पैकेट फटा हुआ हो, उसमें से कुछ रिस रहा हो या वह खराब दिखाई दे रहा हो, तो उसे न खरीदें।
गरिमा गोयल के अनुसार, पनीर को सही तरीके से फ्रिज में रखना चाहिए। अगर उसमें से असामान्य गंध आ रही हो, बनावट चिपचिपी हो गई हो, रंग बदल गया हो या पैकेट स्पष्ट रूप से क्षतिग्रस्त हो, तो उसे खाने से बचना चाहिए।
घर या बाजार, कहां का पनीर खाएं
घर पर बनाए गए पनीर में सामग्री और बनाने की प्रक्रिया आपपर निर्भर करती है। लेकिन इसकी सुरक्षा दूध की गुणवत्ता, साफ-सफाई, बनाने के तरीके और सही रख-रखाव पर निर्भर करती है। वहीं, बाजार से पनीर खरीदते समय उसकी सामग्री, पैकेजिंग और भंडारण संबंधी जानकारी की जांच करना जरूरी है। इसलिए यह मान लेना सही नहीं है कि घर पर बना पनीर हमेशा सुरक्षित होता है और बाजार में मिलने वाला पनीर हमेशा खराब। पनीर चाहे घर पर बनाया गया हो या बाजार से खरीदा गया हो। उसकी गुणवत्ता और सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञों से बातचीत के आधार पर तैयार किया गया है। खानपान या स्वास्थ्य से जुड़ा कोई भी बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।
यह भी पढ़ें
नवरात्र व्रत में खाएं शुद्ध राजगीरे का आटा, घर पर ऐसे करें तैयार
