अपार्टमेंट और कई मॉडर्न घरों में लोग स्लाइडिंग दरवाजे और खिड़कियां भी लगवाते हैं। ये दिखने में सुंदर और काफी आकर्षक लगते हैं। ये जितने सुंदर नजर आते हैं, उनकी सफाई उतनी ही मुश्किल भरी होती है। समय के साथ दरवाजों के पैनल और नीचे बनी ट्रैक (रेल) में धूल, मिट्टी, बाल और अन्य गंदगी जमा होने लगती है। इससे दरवाजा खोलने व बंद करने में परेशानी होती है और कई बार आवाज भी आने लगती है। लंबे समय तक सफाई न करने पर दरवाजे के रोलर्स भी खराब हो सकते हैं।
इसे साफ करने के लिए लोग अक्सर बाहर से मैकेनिक बुलाते हैं। लेकिन आप घर पर ही कुछ चीजों की मदद से पैनल और ट्रैक की आसानी से सफाई कर सकते हैं। आइए जानते हैं वो कौन-कौन से आसान उपाय हैं।
पहला तरीका
सबसे पहले ट्रैक में जमी सूखी धूल और कचरे को हटाना जरूरी है। इसे हटाने के लिए छोटे पेंट ब्रश या पुराने टूथब्रश का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे गंदगी को रगड़कर अच्छे से ढीला कर दें। इसके बाद सूखे कपड़े या माइक्रोफाइबर कपड़े से ट्रैक को साफ कर दें। अगर बहुत संकरी जगहों में फंसी गंदगी को निकालना है, तो इसके लिए सींक या आइसक्रीम स्टिक काम आ सकता है। इसके ऊपर पतला कपड़ा लपेट दें और ट्रैक के अंदर डालकर अच्छे से सफाई करें।
दूसरा तरीका
अगर ट्रैक में चिपचिपी या पुरानी गंदगी जमा हो गई है, तो गुनगुने पानी और हल्के लिक्विड डिश सोप का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए एक कटोरी गुनगुने पानी में कुछ बूंदें लिक्विड साबुन की मिलाएं। इस घोल में टूथब्रश या छोटा ब्रश डुबोकर ट्रैक और पैनल के किनारों को अच्छी तरह रगड़ें। कुछ मिनट बाद गीले कपड़े से साफ कर दें और फिर सूखे कपड़े से पूरी सतह को अच्छी तरह पोंछ दें।
तीसरा तरीका
बेकिंग सोडा और सिरके की मदद से भी आप स्लाइडिंग दरवाजे और खिड़कियों की सफाई कर सकते हैं। इसके लिए ट्रैक में हल्का-सा बेकिंग सोडा छिड़कें और ऊपर से थोड़ा-सा सफेद सिरका डालकर 5-10 मिनट के लिए छोड़ दें। अब पुराने टूथब्रश से अच्छी तरह रगड़ें। इसके बाद साफ गीले कपड़े से पोंछ दें। अंत में सूखे कपड़े से पूरी तरह सुखा दें।
यह भी करें
सफाई के बाद ट्रैक जब पूरी तरह सूख जाए तो उसके रोलर्स और ट्रैक पर हल्का लुब्रिकेंट लगा दें। इससे दरवाजा आसानी से स्लाइड करेगा और चलाने पर आवाज भी नहीं आएगी।
Also Read
टिफिन ढक्कन के रबर में भी जमा हो जाती है गंदगी, ऐसे करें गहराई से सफाई
