Instant Moong Dal Dosa Recipe: डोसा बनाने के लिए आमतौर पर चावल और उड़द दाल का इस्तेमाल किया जाता है। जिसके लिए दोनों को रातभर भिगोकर पीसा जाता है और फिर बैटर को कुछ समय के लिए फर्मेंट होने के लिए रखा जाता है। इस पूरी प्रक्रिया में काफी समय लग जाता है। अगर आप इस लंबे इंतजार से बचना चाहते हैं, तो इस बार इंस्टेंट मूंग दाल डोसा ट्राई कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए आपको न तो चावल और उड़द दाल की जरूरत पड़ेगी और न ही सूजी की। मिनटों में आप सिर्फ मूंग दाल की मदद से स्वादिष्ट और क्रिस्पी डोसा तैयार कर सकते हैं।

शाम की हल्की भूख हो या सुबह का नाश्ता डोसा एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। अगर आप प्रोटीन से भरपूर कुछ स्वादिष्ट और हेल्दी रेसिपी ट्राई करना चाहते हैं, तो इंस्टेंट मूंग दाल डोसा बना सकते हैं। इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं है।

सामग्री

मूंग दाल- 1 कप
अदरक- 2 इंच
लहसुन- 4
हल्दी- 1 चुटकी
हरी मिर्च – 3
नमक- स्वादानुसार
पानी- जरूरत के अनुसार
तेल- 2 चम्मच
प्याज – आधा कप
हरे धनिया- 2 चम्मच
पेरी-पेरी मसाला- 2 चम्मच

बनाने का तरीका

इसे बनाने के लिए बिना छिलके वाली मूंग दाल लें और इसे पानी से अच्छी तरह धो लें। इसे करीब 1-2 घंटे भिगोने के लिए रख दें। जब दाल अच्छी तरह फूल जाए, तो इसे मिक्सर में डालकर अदरक, लहसुन, हरी मिर्च, नमक, हल्दी और पानी डालकर बारीक पीस लें। इसे पीसते समय ज्यादा पानी न डालें। अब इसे एक बाउल में निकाल लें। इस बैटर से आप तुरंत डोसा बना सकते हैं।

अब नॉन स्टिक पैन को गर्म होने दें और उसपर थोड़ा सा पानी छिड़क दें। अब कपड़े से पानी को पोंछ दें। अब डोसे का बैटर पैन पर फैलाएं। इसके किनारों पर थोड़ा सा तेल डाल सकते हैं। डोसे को पलटने की जरूरत नहीं है। इसे सिर्फ एक तरफ से सुनहरा होने तक पकाएं। डोसा बनाते समय ऊपर से आप प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया और पेरी-पेरी मसाला डाल सकते हैं। जिससे डोसे का स्वाद और भी बढ़ जाएगा। इस तरह बैटर से बाकी के डोसे तैयार कर लें। डोसे को प्लेट में निकालें और टमाटर या नारियल की चटनी के साथ गर्मागर्म सर्व करें।