Ghar Par Cold Coffee Kaise Banaye: गर्मी के दिनों में बहुत सारे लोगों को ठंडी-रिफ्रेशिंग ड्रिंक्स पीने का शौक होता है। इन ड्रिंक्स का जिक्र हो और कोल्ड कॉफी का नाम न आए ऐसा हो नहीं सकता है। यह कई लोगों की पहली पसंद होती है। इसकी क्रीमी टेक्सचर, झागदार फोम और कॉफी का हल्का-सा स्ट्रॉन्ग फ्लेवर हर घूंट को खास बना देता है। हालांकि, कैफे में मिलने वाली कोल्ड कॉफी बार-बार पीना हर किसी के बजट में नहीं होता है।
ऐसे में आप घर पर भी इंस्टेंट कोल्ड कॉफी बना सकते हैं। अच्छी बात यह है कि कैफे जैसा स्वाद पाने के लिए आपको महंगे कॉफी मेकर या किसी खास चीजों की जरूरत नहीं है। घर में मौजूद इंस्टेंट कॉफी, ठंडा दूध, चीनी और बर्फ की मदद से ही कुछ मिनटों में स्वादिष्ट और झागदार कोल्ड कॉफी तैयार की जा सकती है। अगर आप भी गर्मी में घर बैठे कैफे-स्टाइल कोल्ड कॉफी का आनंद लेना चाहते हैं, तो यहां जानिए आसान रेसिपी। साथ ही, ऐसे टिप्स भी जानें जिनकी मदद से आपकी कोल्ड कॉफी और भी क्रीमी, झागदार और स्वादिष्ट बन सकती है।
क्लासिक झागदार इंस्टेंट Cold Coffee
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
ठंडा दूध – 2 कप
इंस्टेंट कॉफी – 2 चम्मच
चीनी – 2 से 3 चम्मच (स्वादानुसार)
बर्फ के टुकड़े – 8-10
वनीला आइसक्रीम – 2 स्कूप (वैकल्पिक)
नोट करें बनाने की विधि
सबसे पहले मिक्सर जार में ठंडा दूध, इंस्टेंट कॉफी, चीनी और बर्फ डालें। इसके बाद 1-2 मिनट तक अच्छी तरह ब्लेंड करें, ताकि ऊपर गाढ़ा झाग बन जाए। अगर ज्यादा क्रीमी स्वाद चाहते हैं तो आखिर में वनीला आइसक्रीम डालकर 10-15 सेकंड फिर से ब्लेंड करें। फिर लंबे गिलास में डालें और ऊपर से थोड़ा कॉफी पाउडर या चॉकलेट पाउडर छिड़ककर सर्व करें। एक बात का ध्यान रखें ज्यादा झाग के लिए हमेशा ठंडे दूध और बर्फ का इस्तेमाल करें।
कैफे-स्टाइल Dalgona Cold Coffee
जरूरी चीजें
इंस्टेंट कॉफी – 2 बड़े चम्मच
चीनी – 2 बड़े चम्मच
गर्म पानी – 2 बड़े चम्मच
ठंडा दूध – 2 कप
बर्फ – 8-10 टुकड़े
जानें बनाने की विधि
सबसे पहले एक बाउल में कॉफी, चीनी और गर्म पानी डालें। फिर व्हिस्क या इलेक्ट्रिक बीटर से 3-5 मिनट तक फेंटें, जब तक हल्का भूरा और गाढ़ा झागदार मिश्रण न बन जाए। इसके बाद गिलास में बर्फ डालें और ठंडा दूध भर दें। फिर ऊपर से तैयार कॉफी फोम डालें। पीने से पहले चम्मच से अच्छी तरह मिलाकर आनंद लें। अगर व्हिस्क नहीं है, तो ढक्कन वाली बोतल में मिश्रण डालकर 4-5 मिनट जोर से हिलाने पर भी अच्छा फोम बन सकता है।
