सुबह का नाश्ता हेल्दी, पौष्टिक के साथ-साथ स्वादिष्ट हो तो दिन की शुरुआत बेहतर हो जाती है। ऐसे में अगर आप टाइम की कमी के कारण सुबह का नाश्ता स्किप कर देते हैं, तो झटपट बेसन और गाजर से चीला तैयार कर सकते हैं।

गाजर और बेसन का चीला हेल्दी होने के साथ-साथ काफी पौष्टिक भी होता है। इसे कम समय में भी तैयार किया जा सकता है। इस आर्टिकल में हम आपके लिए इसकी रेसिपी लेकर आए हैं, जिसकी मदद से आप इसे तैयार कर सकते हैं। दरअसल, बेसन में प्रोटीन भरपूर मात्रा में पाया जाता है। वहीं, गाजर में विटामिन ए, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं।

गाजर और बेसन का चीला बनाने की सामग्री

1 कप बेसन
2 कद्दूकस की हुई गाजर
1 छोटा, बारीक कटा हुआ प्याज
1 बारीक कटी हुई हरी मिर्च
1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
2 बड़े चम्मच हरा धनिया
हल्दी पाउडर
लाल मिर्च पाउडर
नमक
पानी
सेंकने के लिए तेल

गाजर और बेसन का चीला कैसे बनाएं?

गाजर और बेसन का चीला तैयार करने के लिए सबसे पहले एक बाउल में बेसन लें। अब इसमें कद्दूकस की हुई गाजर, प्याज, हरी मिर्च, अदरक और हरा धनिया डालें। इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, नमक और अजवाइन मिलाएं। अब पानी डालते हुए घोल तैयार कर लें। हालांकि, इस बात का ध्यान दें कि घोल न तो अधिक मोटा हो और न ही अधिक पतला हो।

अब तवा गरम करें और उस पर हल्का-सा तेल लगाएं। तवा गरम होने के बाद एक कलछी घोल डालें और हल्के हाथ से गोल आकार में फैलाएं। इसे मध्यम आंच पर दोनों तरफ सुनहरा होने तक पकाएं। इस तरह आप बेसन और गाजर का चीला तैयार कर सकते हैं।