कई लोग सुबह पोहा या इडली खाना पसंद करते हैं। लेकिन क्या आपने इन दोनों चीजों को एक साथ बनाकर खाया है? अगर नहीं, तो यहां दी गई रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। आमतौर पर हम इडली को रवा या चावल-दाल के बैटर से बनाते हैं। लेकिन इसे पोहा और सूजी से भी बनाया जा सकता है। पोहा होने की वजह से इडली जल्दी सख्त नहीं होती है और इसका स्वाद भी बेहतरीन लग सकता है। अगर आप नाश्ते में कुछ अलग और यूनिक बनाना चाहते हैं, तो पोहा इडली की इस रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं।
सुबह कई बार जल्दबाजी में हमारे पास नाश्ता बनाने के लिए कम समय बचता है। ऐसे में आप झटपट बनने वाली रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं, जिसे आसानी से बनाया जा सके। पोहा इडली भी इसी तरह की रेसिपी है। इसे बनाने का तरीका यूट्यूब चैनल पर शेफ रणवीर बरार ने शेयर की है। आइए, जानते हैं इसे बनाने का तरीका।
सामग्री
पोहा- 1 कप
पानी- 1/3 कप
दही- 1 कप
सूजी मिक्सचर के लिए
सूजी- 1 कप
पानी- 1/3 कप
दही- 1 कप
तेल- 2 चम्मच
सरसों के बीज- 1 चम्मच
अदरक- 1 इंच
हरी मिर्च- 2-3
करी पत्ता- जरूरत के अनुसार
नमक- स्वादानुसार
फ्रूट सॉल्ट- 1 चम्मच
तेल- 1 चम्मच
बनाने का तरीका
इसे बनाने के लिए एक बाउल में पोहा लें और उसमें थोड़ा पानी डाल दें। इससे पोहा फूल जाएगा। इसमें दही डालें और बैटर को अच्छी तरह मिक्स करें। इसे 15 से 20 मिनट के लिए छोड़ दें। अब इस बैटर को हाथ से फेंट लें, जिससे इडली सॉफ्ट बनेगी। दूसरी तरफ एक बाउल में सूजी (रवा) लें और इसमें पानी डाल दें। कुछ देर के लिए इसे छोड़ दें ताकि सूजी अच्छी तरह सॉफ्ट हो जाए। अब इसमें दही डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें और इसे करीब 15 से 20 मिनट तक छोड़ दें। अब दोनों बैटर को अच्छी तरह हाथ से मिक्स कर लें। इसमें नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
तड़का तैयार करने के लिए पैन में तेल गरम करें। अब इसमें सरसों के बीज, अदरक, हरी मिर्च और करी पत्ता डालकर 30 सेकंड तक पकाएं। अब इस तड़के को तैयार बैटर में डाल दें और इसे मिक्स कर लें। अगर आप बच्चों के लिए बना रहे हैं, तो हरी मिर्च न डालें। अगर दही खट्टा है, तो थोड़ी चीनी डाल सकते हैं। अब इसमें मीठा सोडा (फ्रूट सॉल्ट) और थोड़ा तेल डालें। ध्यान रखें कि सोडा डालने के बाद बैटर को तुरंत स्टीमर में रख दें।
अब स्टीमर में पानी गरम होने के लिए रख दें और इडली के सांचे पर हल्का घी लगा दें। इससे इडली सतह पर नहीं चिपकेगी। अब इस बैटर को इडली के सांचे में डालें। इसे करीब 12 से 15 मिनट तक पकने दें। अब ढक्कन को खोलकर चेक करें कि ये पकी या नहीं। इडली बनने के बाद तुरंत न निकालें। जब ये हल्की ठंडी हो जाए, तब इन्हें निकालें। इन्हें निकालकर चटनी के साथ गरम-गरम सर्व करें।
