Lauki Breakfast Recipe: बच्चे ही नहीं बल्कि बड़े भी लौकी को एक ही तरीके से खाकर बोर हो सकते हैं। लौकी को आपने रायता, सब्जी, कोफ्ते या हलवे के रूप में काफी बार खाया होगा। लेकिन आज हम आपको इसकी ऐसी रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिसे आप किसी भी समय बना सकते हैं। सुबह का नाश्ता, हल्की भूख और बच्चों के टिफिन के लिए इस रेसिपी को बनाया जा सकता है। खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगेगा।

अक्सर सुबह जल्दबाजी में क्या बनाया जाए, समझ नहीं आता। ऐसे में आप लौकी की मदद से स्वादिष्ट नाश्ता तैयार कर सकती हैं। इसके लिए आपको किचन में ज्यादा देर रहने की जरूरत नहीं होगी। मिनटों में इस रेसिपी को तैयार किया जा सकता है। आइए, जानते हैं इसकी रेसिपी के बारे में।

सामग्री

लौकी- 200 ग्राम
सूजी- 1 कप
दही- आधा कप
हरे धनिया- आधा कप
हरी मिर्च- 1
अदरक- आधा इंच
पानी- आधा कप
बेकिंग सोडा- 1 चम्मच

लाल चटनी के लिए सामग्री

टमाटर- 3
लहसुन- 12
सूखी लाल मिर्च- 2
हरे धनिया- आधा कप
जीरा- आधा चम्मच
हरी मिर्च- 2
तेल- 1 चम्मच
नमक- स्वादानुसार
पानी- 2 चम्मच

बनाने का तरीका

इस नाश्ते को बनाने के लिए सबसे पहले आधी लौकी को छीलकर अच्छी तरह धो लें। अब इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। ध्यान रखें कि लौकी नरम होना चाहिए अगर लौकी के बीच हार्ड हैं, तो इन्हें निकाल लें। इसके लिए पतली, ताजी और हरी लौकी लें। अब कटी हुई लौकी को मिक्सर में डालें। साथ में हरा धनिया, हरी मिर्च, अदरक, सूजी (रवा), आधा कप दही और आधा कप पानी डालकर इसे बारीक पीस लें। पेस्ट बनकर तैयार हो जाएगा फिर इसे बाउल में निकाल लें। बैटर को न ज्यादा पतला रखें और न ही ज्यादा गाढ़ा। अब इस बैटर लगभग 5 से 7 मिनट तक ढककर रख दें जिससे सूजी सॉफ्ट हो जाए और फूल जाए।

अब इसमें बेकिंग सोडा और पानी डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। इससे बैटर हल्का और फ्लफी हो जाएगा। अब नॉन स्टिक तवे को गैस पर रखें। इसके ऊपर हल्का तेल या घी लगाकर ग्रीस कर लें। अब इस बैटर को चम्मच भरकर डालें और अच्छी तरह फैला लें। इसे डोसे की तरह पतला न बनाएं। इसे ढककर कुछ देर पकने दें। जब यह अच्छी तरह सिक जाए, तो प्लेट में निकाल लें। इसी तरह बैटर से बाकी का नाश्ता तैयार कर लें।

अब एक पैन में तेल डालकर जीरा, टमाटर, लहसुन, हरी मिर्च और हल्का नमक छिड़क दें। इसे बिना ढके पकने के लिए छोड़ दें। कुछ ही देर में टमाटर नरम हो जाएंगे, फिर इसमें सूखी लाल मिर्च और हरा धनिया डालकर पका लें। इसे ठंडा कर लें और फिर मिक्सर में डालकर पीस लें। इस तरह तीखी और चटपटी चटनी तैयार हो जाएगी।

सुबह की भागदौड़, हल्की भूख या बच्चों के टिफिन के लिए इस नाश्ते को बनाया जा सकता है। लौकी और सूजी से बनने वाला यह नाश्ता काफी स्वादिष्ट और मिनटों में तैयार होने वाला है।