सुबह ऑफिस या स्कूल की जल्दी में अक्सर समझ नहीं आता कि ऐसा कौन सा नाश्ता बनाया जाए जो कम समय में तैयार हो जाए और साथ ही हेल्दी भी हो। ऐसे में दक्षिण भारत, खासकर केरल का मशहूर और पारंपरिक नाश्ता अप्पम एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। यह चावल के घोल से तैयार किया जाता है और इसका स्वाद बेहद हल्का, मुलायम और टेस्टी होता है। अप्पम का बैटर आमतौर पर भिगोए हुए चावल, नारियल और कभी-कभी थोड़ा यीस्ट मिलाकर फर्मेंट किया जाता है, जिससे इसमें हल्की खटास और मुलायम टेक्सचर आ जाता है। यह ऐसा फूड है जिसे आप कम सामग्री और जल्दी बना सकते हैं। आइए जानते हैं इस पौष्टिक नाश्ते को बनाने की आसान विधि क्या है।
अप्पम बनाने की सामग्री
2 कप चावल भिगोया हुआ
1 कप कद्दूकस किया हुआ नारियल
आधा कप (टेक्सचर के लिए) पका हुआ चावल (उबला हुआ)
आधा छोटा चम्मच यीस्ट
1 से 2 छोटे चम्मच चीनी (हल्की मिठास और फर्मेंटेशन के लिए)
नमक स्वादानुसार
पानी आवश्यकता अनुसार बैटर बनाने के लिए
नारियल दूध (वैकल्पिक)
अप्पम पैन को हल्का चिकना करने के लिए
अप्पम बनाने की आसान विधि
सबसे पहले भिगोए हुए चावल, कद्दूकस नारियल और थोड़ा पका हुआ चावल एक मिक्सर में डालकर थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए स्मूद बैटर बना लें। बैटर न ज्यादा गाढ़ा हो और न ही बहुत पतला।
अब इस बैटर में यीस्ट, चीनी और थोड़ा सा नमक मिलाकर अच्छे से मिक्स करें। इसे ढककर 6-7 घंटे या रातभर गर्म जगह पर रख दें ताकि यह अच्छे से खमीर हो जाए और हल्का फूला हुआ हो जाए। (इसे आप जिस दिन नाश्ता बनाने वाले हों, उससे एक दिन पहले कर लें)
अब एक अप्पम पैन या नॉन-स्टिक कढ़ाही को मध्यम आंच पर हल्का सा गरम करें और थोड़ा तेल लगाएं। अब एक करछी बैटर डालें और पैन को घुमाकर बीच में मोटा और किनारों पर पतला फैलाएं।
ढक्कन लगाकर धीमी आंच पर 2-3 मिनट पकाएं। अप्पम का बीच का हिस्सा फूला हुआ और नरम रहेगा और किनारे हल्के कुरकुरे बन जाएंगे। जब किनारे सुनहरे हो जाएं, तो अप्पम तैयार है। अब आप गरमागरम अप्पम को नारियल दूध, वेज स्टू या किसी भी हल्की करी के साथ परोस सकते हैं।
Also Read
पूड़ियां बनेंगी नरम और फूली-फूली, अपनाएं आटा गूंथने का यह सही तरीका
