प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 अक्टूबर को नई दिल्ली में स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन से मुलाकात के दौरान उन्हें उपहार में तीन खास चीज़ें (मक्खन) भेंट की। इस मुलाकात के दौरान मुंबई की मशहूर चीज़ निर्माता कंपनी एलेफ्थेरिया चीज़ की तीन पुरस्कार विजेता भारतीय चीज़ें गुलमर्ग, कोणार्क और येऊर को उपहार के रूप में दी गई। इसके बाद से ही इन तीनों चीज़ को लेकर चर्चा तेज हो गई है और लोग जानने की कोशिश कर रहे हैं साधारण मक्खन से ये चीज़ कितने अलग है और इनकी क्या खासियत है। आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।

क्या है गुलमर्ग, कोणार्क और येऊर

एलेफ्थेरिया चीज की संस्थापक मौसम नारंग ने ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की टीम के साथ इन तीनों चीजों की खासियत साझा की।

गुलमर्ग की खासियत

यह ब्री चीज की तरह बनाई जाने वाली चीज़ है, जिसे 2 से 3 सप्ताह तक पकाकर तैयार किया जाता है। इसकी बाहरी परत बर्फ जैसी सफेद, मुलायम और मखमली होती है। इसका स्वाद मक्खन जैसा मलाईदार होता है, जिसमें मिट्टी और मशरूम जैसी हल्की खुशबू और स्वाद महसूस होता है। इस चीज़ ने इसी साल (2026) में आयोजित चौथी मुंडियल डो केजो डो ब्राजील प्रतियोगिता में सुपर गोल्ड पुरस्कार अपने नाम किया। अपने भरपूर मक्खनी स्वाद और इसे बनाने की बेहतरीन कला के लिए इसे यह खास पहचान मिली है।

गुलमर्ग चीज़ (Photo Source: Eleftheria Cheese/FB)

खाने का तरीका

गुलमर्ग चीज़ को शहद, पिस्ता, अंजीर या बेरी के जैम के साथ खाया जा सकता है। इसे स्पार्कलिंग व्हाइट वाइन के साथ भी परोसा जाता है। साथ ही इसे गर्म करके पिघली हुई मलाईदार चीज के रूप में खा सकते हैं या अपने पसंदीदा सॉर्डो ब्रेड सैंडविच में डाल सकते हैं। इसे अलग-अलग चीज़ों के साथ सजाकर तैयार की गई प्लेट में भी परोसा जा सकता है।

कोणार्क चीज़ की खासियत

यह एक खास तरह की चीज़ है, जिसे ‘टोम’ शैली में बनाया जाता है। इसका आकार कोणार्क सूर्य मंदिर के रथ के पहिये से प्रेरित है। इसे दो महीने तक पकाकर तैयार किया जाता है। इसकी बाहरी परत प्राकृतिक और थोड़ी खुरदरी होती है, जबकि अंदर का हिस्सा हल्का हाथीदांत जैसा सफेद होता है। इसकी बनावट मुलायम होने के साथ थोड़ी सख्त भी होती है, जो इसे खाने का अच्छा अनुभव देती है। इस चीज़ में मिट्टी, मेवे और जड़ी-बूटियों जैसे स्वाद महसूस होते हैं। इसके साथ ही, इसका हल्का खट्टापन स्वाद को और बेहतर बनाता है।

Konark Cheese
कोर्णाक चीज़ (Photo Source: Eleftheria Cheese/FB)

कोणार्क चीज़ ने साल 2025 में स्विट्जरलैंड के बर्न में आयोजित वर्ल्ड चीज़ अवॉर्ड्स में सिल्वर मेडल और साल 2023 में नॉर्वे में आयोजित इसी प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता था। यह चीज़ गर्म करने पर आसानी से पिघल जाती है। इसे फलों के जैम, अलग-अलग तरह के मांस से बने खाद्य पदार्थों और कुरकुरी ब्रेड के साथ खाया जा सकता है। साथ ही इसमें फोंड्यू (पिघली हुई चीज़ से बनने वाला व्यंजन), ग्रैटिन (ऊपर से चीज़ डालकर बेक किया गया व्यंजन) और ग्रिल्ड चीज़ सैंडविच भी बनाए जा सकते हैं।

येऊर चीज़ की खासियत

येऊर पहाड़ी शैली में बनाई जाने वाली चीज़ है, जो स्विट्जरलैंड की पारंपरिक ग्रुयेर चीज़ से प्रेरित है। इसे 8 से 9 महीने तक पकाकर तैयार किया जाता है। येऊर चीज़ को 2025 में स्विट्जरलैंड के बर्न में आयोजित वर्ल्ड चीज़ अवॉर्ड्स में सिल्वर मेडल मिला था। इस चीज की बनावट मुलायम और लचीली होती है। इसके स्वाद में मेवों, हल्की मिठास और जड़ी-बूटियों का एहसास होता है। इसे खाने के बाद हल्का नमकीन और गहरा स्वाद महसूस होता है।

Yeoor Cheese
येऊर चीज़ (Photo Source: Eleftheria Cheese/FB)

इसका नाम संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के पास स्थित येऊर पहाड़ियों के नाम पर रखा गया है। यहां से चीज़ बनाने की फैक्ट्री भी कुछ ही दूरी पर है। यह चीज़ उस जगह की पहचान, इसे बनाने की कारीगरी और धीमी प्रक्रिया से इसे तैयार करने में लगने वाले धैर्य को दर्शाती है। येऊर चीज़ गर्म करने पर अच्छी तरह पिघल जाती है। इसलिए इसका इस्तेमाल फोंड्यू (पिछली हुई चीज़ से बनने वाला व्यंजन), ग्रिल्ड चीज़ सैंडविच और बेक किए जाने वाले व्यंजनों में किया जा सकता है। इसके अलावा इसे अलग-अलग तरह की चीज़ों के साथ सजाकर तैयार की गई प्लेट में भी परोसा जा सकता है।

डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और बातचीत के दौरान विशेषज्ञों से मिली जानकारी पर आधारित है।

यह भी पढ़ें
अंडों को उबालने और छीलने का सबसे आसान तरीका, अपनाएं ये 13 मिनट वाला उपाय