सावन के महीने में महादेव के ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करने का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सच्चे मन से पूजा-पाठ और जलाभिषेक करने से साधक की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और घर में सुख-शांति आती है। महादेव के कुल 12 ज्योतिर्लिंग हैं, जिसमें से एक महाराष्ट्र में स्थित भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग भी है। यह ज्योतिर्लिंग महाराष्ट्र के पुणे जिले में स्थित सह्याद्री पर्वतों के बीच घने जंगलों और हरियाली से घिरा हुआ है। यह धार्मिक स्थल आस्था के साथ-साथ प्राकृतिक सुंदरता के लिए भी जाना जाता है। इस सावन अगर आप यहां दर्शन के लिए जाएं तो आसपास की खूबसूरत जगहों पर भी घूमने जा सकते हैं।

पौराणिक मान्यता

वैसे तो भीमाशंकर से जुड़ी कई पौराणिक कथाएं प्रचलित हैं। लेकिन महाराष्ट्र पर्यटन के अनुसार, कहा जाता है कि भिमासुर नामक राक्षस ने कठोर तपस्या कर शक्ति प्राप्त की और उसका दुरुपयोग करते हुए लोगों को परेशान करने लगा। देवताओं और ऋषियों की प्रार्थना पर भगवान शिव ने प्रकट होकर भिमासुर का वध किया और यहां ज्योतिर्लिंग के रूप में विराजमान हो गए। इसी कारण इस जगह को भीमाशंकर कहा जाने लगा

भीमाशंकर वाइल्डलाइफ सेंचुरी

भीमाशंकर मंदिर के आसपास घूमने लायक बेहतरीन जगहों में से एक भीमाशंकर वाइल्डलाइफ सेंचुरी भी है। पश्चिमी घाट में फैला यह क्षेत्र घने जंगलों, पहाड़ियों, झरनों और वन्य जीवों के लिए जाना जाता है। यहां कई तरह के पेड़-पौधे, पक्षी, तितलियां और वन्यजीव पाए जाते हैं। इसकी खास पहचान मालाबार जायंट स्क्विरल यानी शेकरू है, जिसे महाराष्ट्र का राज्य पशु भी माना जाता है।

नागफणी पॉइंट

भीमाशंकर के आसपास मौजूद खूबसूरत जगहों में से एक नागफणी पॉइंट भी है, जहां से प्रकृति का शानदार नजारा देखने को मिलता है। यह जगह ट्रेकिंग के लिए प्रसिद्ध है। यहां से आप सह्याद्री की पहाड़ियों और आसपास के हरे-भरे जंगलों का बेहतरीन नजारा देख सकते हैं।

गुप्त भीमाशंकर

यहीं पर गुप्त भीमाशंकर भी है जो धार्मिक के साथ प्राकृतिक रूप से भी प्रसिद्ध है। यह जगह शांत वातावरण और जंगलों के बीच स्थित है। यहां आप आस्था के साथ प्रकृति के भी खूबसूरती और सुकून का भी अनुभव कर सकते हैं।

हनुमान झील

भीमाशंकर के शांत प्राकृतिक स्थलों में से एक हनुमान झील भी है, जो चारों तरफ हरियाली से घिरी हुई है। झील के आसपास पक्षियों की आवाज, हरियाली और शांत वातावरण पर्यटकों को खूब पसंद आता है।

बॉम्बे पॉइंट

भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए जाएं जो बॉम्बे पॉइंट भी जरूर जाएं। यहां से आप पहाड़ों का शानदार नजारा देख सकते हैं। यह जगह घाटियों और दूर तक फैली सह्याद्री पर्वतमाला को देखने के लिए प्रसिद्ध है।

यह भी पढ़ें
सावन में जा रहे हैं सोमनाथ ज्योतिर्लिंग का दर्शन करने, आसपास हैं कई शानदार जगहें