Dandiya Night Decoration Ideas: हिंदू धर्म में नौ दिनों तक चलने वाले नवरात्रि उत्सव को बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता है। जगह-जगह गरबा और डांडिया नाइट का आयोजन किया जाता है। जिसके लिए काफी पैसे भी खर्च करने पड़ते हैं। अगर आप परिवार के सदस्यों और दोस्तों के साथ इस उत्सव को मनाना चाहते हैं, तो घर पर भी इसका आयोजन कर सकते हैं। अगर आपकी छत पर काफी जगह है, तो इसे ही खूबसूरती से सजाया जा सकता है। घर ही डांडिया नाइट का आयोजन करना चाहते हैं, तो यहां दिए गए तरीकों से सजावट कर सकते हैं।
माता का पंडाल लगाएं
नवरात्रि के नौ दिनों तक मां दुर्गा के अलग-अलग रूप की पूजा की जाती है। साथ ही कई लोग इस दौरान व्रत भी रखते हैं। अगर आप घर पर ही नवरात्रि को सेलिब्रेट करने के लिए डांडिया नाइट का आयोजन करना चाहते हैं, तो छत पर इसकी सजावट कर सकते हैं। इसकी शुरुआत माता की मूर्ति रखकर कर सकते हैं। एक जगह पर मां दुर्गा की मूर्ति रखें और उसे फूलों से सजाएं। यहां पूजा करने के बाद डांडिया और गरबा कर सकते हैं।
फेयरी लाइट और वॉल हैंगिंग
छत को नवरात्रि के लिए सजाने के तरीके खोज रहे हैं, तो लाइटिंग सबसे जरूरी है। रात के समय डांडिया खेला जाता है। ऐसे में छत पर प्रोपर लाइटिंग होनी जरूरी है। इसके लिए आप दीवारों पर फेयरी लाइट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। साथ में वॉल हैंगिंग लगाकर दीवारों को सजा सकते हैं। अगर आप पर्दे या फूलों की लड़ियों से सजावट कर रहे हैं, तो इसके आसपास भी फेयरी लाइट लगाएं।
साड़ी या दुपट्टे से बनाएं कैनोपी
डांडिया नाइट के लिए छत को सजाना चाहते हैं, तो इसके लिए महंगे डेकोरेशन सामान की जरूरत नहीं है। अगर आपने बड़े-बड़े डांडिया आयोजन देखे होंगे तो उसमें कैनोपी को जरूर नोटिस किया होगा। छत पर इसे बनाने के लिए आप साड़ी या दुपट्टे का इस्तेमाल कर सकते हैं। छत या दीवार के किसी हिस्से पर इस तरह लगाएं कि छत आकर्षक दिखे।
झूमर, चकरी और रंग-बिरंगे छाते लटकाएं
डांडिया नाइट के लिए सजावट करते समय रंग-बिरंगे डेकोरेशन का इस्तेमाल कर सकते हैं। छत के बीच में खूबसूरत झूमर लगा सकते हैं। आसपास रंगीन चकरी लटकाएं। इसके अलावा अलग-अलग रंगों और डिजाइन वाले छाते भी उल्टे करके लटकाए जा सकते हैं। इससे छत को आकर्षक और फेस्टिव माहौल मिल सकता है।
पेपर लालटेन और फूलों से सजावट
डांडिया नाइट की सजावट के लिए पेपर लालटेन और फूलों का इस्तेमाल कर सकते हैं। अलग-अलग रंगों की पेपर लालटेन को छत के अलग-अलग हिस्सों पर लटकाएं। इसके साथ ही गेंदे या दूसरे आर्टिफिशियल फूलों की लड़ियों को लगाएं।
लाइटिंग का ध्यान रखें
छत की रेलिंग, दीवारों और बैठने की जगह के आसपास रंगीन एलईडी या छोटे बल्बों की लड़ियां लगा सकते हैं। डांस एरिया में बहुत तेज रोशनी की बजाय हल्की और स्पॉट लाइटिंग रख सकते हैं। इससे सजावट भी अच्छी दिखती है और डांस करने के लिए भी पर्याप्त रोशनी मिलती है।
