साड़ी महिलाओं के वॉर्डरोब का अहम हिस्सा होती है। अलग-अलग मौकों पर महिलाएं तरह-तरह की साड़ियां खरीदती हैं। आपने देखा होगा कि ज्यादातर नई साड़ियां डिब्बों या गत्ते में पैक होकर आती हैं। ताकि साड़ी साफ, सुरक्षित और व्यवस्थित रखा जा सके। हालांकि घर पर एक के बाद एक साड़ी खरीदने से कई डिब्बे इकट्ठा हो जाते हैं। इन डिब्बों को स्टोररूम या किसी कोने में कबाड़ समझकर रख दिया जाता है। एक समय बाद इन डिब्बों को रद्दी में बेच दिया जाता है। अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो यह आर्टिकल एक बार पढ़ सकते हैं।
दरअसल साड़ी के डिब्बों का इस्तेमाल सिर्फ साड़ी रखने के लिए नहीं बल्कि सजावट के लिए भी किया जा सकता है। इन डिब्बों की मदद से घर को सजाने के लिए कुछ चीजें बनाई जा सकती हैं। अगर आप इन डिब्बों को दोबारा इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो यहां बताए गए तरीकों की मदद ले सकते हैं।
वॉल आर्ट बनाएं
अगर आपको आर्ट एंड क्राफ्ट का शौक है, तो साड़ी के खाली डिब्बों (गत्ते) को कई तरीके से इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे आप सुंदर वॉल आर्ट तैयार कर सकते हैं। सबसे पहले साड़ी के डिब्बे के मजबूत हिस्से को काटकर अलग कर लें। इसके लिए कैंची या कटर की मदद ले सकते हैं। अब कटे हुए गत्ते के ऊपर अपनी पसंद का एक्रेलिक पेंट करें। अगर आप पेंट नहीं करना चाहते हैं, तो रंगीन चार्ट पेपर को ग्लू की मदद से चिपका सकते हैं। इसके ऊपर आप तस्वीर भी बना सकते हैं। इसे फ्रेम करवा के अलग-अलग तस्वीरों को दीवार पर लगाया जा सकता है। इसके अलावा अलग-अलग डिब्बों के ऊपर डिजाइन वाले वॉल पेपर चिपका सकते हैं। इसे ऐसे चिपकाएं की दीवार पर एक पैटर्न बन जाए।
ऑर्गेनाइजर बनाएं
साड़ी के खाली डिब्बे को फेंकने के बजाय दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे आप ऑर्गेनाइजर बना सकते हैं। जिसे बर्तन, डिब्बे, ज्वेलरी, प्लांट और बाकी सामान को रख सकते हैं। इसे बनाने के लिए डिब्बे के दोनों हिस्सों को एक के ऊपर एक रखकर अच्छी तरह ग्लू की मदद से चिपका लें। इससे ऑर्गेनाइजर मजबूत बनेगा। अब इसे कवर करने के लिए चार्ट पेपर का इस्तेमाल करें। चारों तरफ से इसे अच्छी तरह कवर कर दें। अब इसे आकर्षक और खूबसूरत लुक दने के लिए चारों तरफ रिबन लगाकर चिपकाएं। अगर आप इसे मेकअप ऑर्गेनाइजर बना रहे हैं, तो इसकी सजावट भी उसी तरह करें। मिरर वर्क और स्टिकर्स का इस्तेमाल करें। अब इसमें सजावटी या मेकअप का सामान रखकर घर को सजा सकते हैं।
सजावटी ट्रे बनाएं
लिविंग रूम में रखी टेबल या डाइनिंग टेबल को सजाने के लिए आजकल सजावटी ट्रे का इस्तेमाल किया जाता है। बाजार से इसे खरीदना महंगा विकल्प हो सकता है। ऐसे में घर पर रखे साड़ी के खाली डिब्बों का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे आप खूबसूरत सजावटी ट्रे तैयार कर सकते हैं। सबसे पहले डिब्बे को चुनें। इसे ट्रे का आकार देते हुए काटें। इसे मजबूत बनाने के लिए गत्ते को डबल कर सकते हैं। चारों तरफ से सामान न गिरे इसके लिए किनारों को ग्लू से चिपकाएं। अब इसे फैब्रिक या पेपर से कवर कर दें। इस तरह सजावटी ट्रे तैयार हो जाएगी। इसके ऊपर कैंडल, इंडोर प्लांट और कप रख सकते हैं।
