सर्दियों में अधिकतर लोग पशमीना वुलन शॉल को स्टाइल के तौर पर कैरी करते हैं। दरअसल, इसकी नाजुक बुनावट और महंगा फैब्रिक लुक को और एलिगेंट बनाते हैं। हालांकि, पशमीना जैसी महंगी वुलन शॉल की सही तरीके से देखभाल करना बहुत जरूरी होता है।
दरअसल, इस तरह की शॉल बेहद नाज़ुक होती है और इसकी देखभाल में हल्की-सी कमी भी इसकी चमक और नरमी को प्रभावित कर सकती है। ऐसे में कुछ खास केयर टिप्स अपनाकर आप इसे लंबे समय तक नई जैसी बनाए रख सकते हैं।
धोने में बरतें खास सावधानी
पशमीना या महंगी वुलन शॉल को कभी भी मशीन में नहीं धोना चाहिए। दरअसल, तेज घुमाव और हार्ड डिटर्जेंट इसके रेशों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसे हमेशा ठंडे पानी में हल्के हाथों से धोना चाहिए। इसे धोने के लिए आप माइल्ड डिटर्जेंट या बेबी शैम्पू का भी उपयोग कर सकते हैं। धोते समय इस शॉल को रगड़ने या मरोड़ने से बचना चाहिए।
सुखाने पर भी दें खास ध्यान
पशमीना शॉल को धोने के बाद कभी भी टांगकर नहीं सुखाना चाहिए। इससे शॉल का शेप बिगड़ सकता है। शॉल से पानी निकालने के लिए हल्के हाथों से दबाएं। आप किसी साफ तौलिए को फैलाकर उस पर शॉल को सुखा सकते हैं। हालांकि, इस तरह की शॉल को सीधी धूप में नहीं रखना चाहिए, क्योंकि इससे शॉल का रंग फीका पड़ सकता है।
पशमीना शॉल को कैसे करें स्टोर?
पशमीना शॉल को हमेशा फोल्ड करके ही रखना चाहिए। शॉल को स्टोर करते समय कॉटन या मलमल के कपड़े में लपेटकर रखें। प्लास्टिक कवर में रखने से शॉल खराब हो सकती है। वहीं, कीड़ों से बचाने के लिए आप नीम की पत्तियां या लैवेंडर पाउच का उपयोग कर सकते हैं।
