Nail Care Tips: हर महिला चाहती है कि उसके नाखून लंबे और खूबसूरत हों। लेकिन कई बार थोड़ा-सा बढ़ते ही नाखून टूट जाते हैं। जिसकी वजह से कई बार बाकी के नाखूनों को भी काटना पड़ता है। अगर आपके साथ भी इस तरह की समस्या रहती है, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है। बल्कि नाखूनों की सही देखभाल इस समस्या को काफी हद तक कम कर सकती है। आइए, जानते हैं उन कारणों और घरेलू तरीकों के बारे में, जिसकी वजह से नाखून कमजोर होकर जल्दी टूट सकते हैं।
बर्तन धोते समय रखें ध्यान
कई बार बर्तन धोते समय डिटर्जेंट और केमिकल्स की वजह से भी नाखून टूट सकते हैं। ऐसे में बर्तन धोते समय ग्लव्स का इस्तेमाल करें। क्योंकि ज्यादा देर तक पानी के संपर्क में रहने से नाखून कमजोर हो सकते हैं।
देखभाल करना है जरूरी
नाखूनों को लंबा करने के चक्कर में कई बार हम उन्हें नहीं काटते हैं, जिसकी वजह इनके टूटने की संभावना बढ़ सकती है। इसलिए समय-समय पर नाखूनों को फाइल की मदद से आकार दें जिससे टूटने की संभावना कम हो सकती है।
नेलपेंट रिमूव करने का तरीका
नाखूनों पर एसीटोन वाले रिमूवर का इस्तेमाल कम करना चाहिए। इससे नाखून कमजोर होकर जल्दी टूट सकते हैं। इसके अलावा बार-बार नेल पॉलिश लगाकर उन्हें रिमूव करना भी नाखूनों को कमजोर कर सकता है।
पानी में भिगोने से बचें
नाखूनों को सुरक्षित और मजबूत बनाए रखने के लिए उन्हें ज्यादा देर तक पानी में भिगोने से बचना चाहिए। क्योंकि पानी के संपर्क में आकर नाखून कमजोर होने लगते हैं और जल्दी टूट सकते हैं।
दांत से चबाने से बचें
कुछ लोगों को नाखून चबाने की आदत होती है। ऐसा करने से नाखून कमजोर हो सकते हैं। इसलिए नाखून बढ़ने या टूटने पर हमेशा नेलकटर का इस्तेमाल करें।
देखभाल के तरीके
एलोवेरा जेल लगाएं
ताजा एलोवेरा जेल को नाखूनों और क्यूटिकल्स पर लगाएं। इसे करीब 5 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें और फिर पानी की मदद से हाथ धो लें। इससे नाखून और क्यूटिक्लस की देखभाल करने में मदद मिल सकती है।
संतुलित आहार
नाखूनों को मजबूत बनाए रखने के लिए डाइट में प्रोटीन युक्त चीजों को शामिल करें। इससे केराटिन का उत्पादन बढ़ता है, जो नाखूनों को मजबूत बनाए रखने में मदद कर सकता है। इसके अलावा आयरन से भरपूर चीजें खाने से भी नाखून मजबूत होते हैं।
पर्याप्त पानी
शरीर में कई तरह की समस्याएं पानी की कमी की वजह से भी हो सकती हैं। कई बार पर्याप्त पानी न मिलने की वजह से नाखून कमजोर होने लगते हैं और बार-बार टूट सकते हैं, इसलिए शरीर को हाइड्रेटेड रखें।
