छोटे बच्चों की देखभाल करना कई बार काफी चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन यह अनुभव खुशियों से भी भरा होता है। एक साल की उम्र से लेकर जब बच्चे लड़खड़ाते हुए अपने पहले कदम रखते हैं और फिर स्कूल की शुरुआत करते हैं, तब तक हर बच्चा अपने अलग स्वभाव और जरूरतों के साथ आगे बढ़ता है।
ऐसे में माता-पिता और अभिभावकों की भूमिका बेहद अहम हो जाती है। बच्चे का शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास काफी हद तक उनके व्यवहार, देखभाल और दिनचर्या पर निर्भर करता है। इसलिए छोटे बच्चों की सही परवरिश करना बहुत जरूरी होता है। यहां हम आपके लिए छोटे बच्चों की परवरिश से जुड़े कुछ खास टिप्स लेकर आए हैं, जिन्हें आप आसानी से फॉलो कर सकते हैं।
दिनचर्या पर दें खास ध्यान
बच्चों की अच्छी परवरिश के लिए हर दिन की दिनचर्या भी काफी अहम होती है। ऐसे में बच्चों को रोज एक तय समय पर जगाना चाहिए। इससे उनका बॉडी क्लॉक सही बना रहता है। सुबह उठते ही उन्हें तैयार होने की आदत डालें।
पौष्टिक नाश्ते से करें दिन की शुरुआत
दिन की शुरुआत पौष्टिक नाश्ते से करनी चाहिए। ऐसे में छोटे बच्चे को नाश्ते में दही, फल, अंडे और दूध जरूर दें। साथ ही खेलने का भी समय तय करें। दरअसल, खेल-खेल में बच्चे नई चीजें सीखते हैं।
खेल के दौरान पढ़ाई को करें शामिल
खेल के दौरान पढ़ाई को भी मजेदार तरीके से शामिल किया जा सकता है। लाइब्रेरी जाना, नेचर वॉक पर निकलना या घर पर छोटे-छोटे प्रयोग करना बच्चों के ज्ञान को बढ़ाता है। दोपहर के समय हल्का और पौष्टिक लंच दें।
शाम के समय इन बातों का रखें ध्यान
शाम के समय बच्चे के लिए आउटडोर या इनडोर एक्टिविटी चुनें। इस दौरान आप उनके साथ पार्क जा सकते हैं। वहीं, रात में बच्चों के खाने में संतुलित भोजन दें। बच्चों के लिए सोने की एक तय दिनचर्या बनाएं। इस तरह आप बच्चों की परवरिश सही तरीके से कर सकते हैं।
