बरसात जहां चारों ओर हरियाली बिखेर देती है, तो वहीं इस मौसम में कई चीजें जल्दी खराब होने लगती हैं। खासकर किचन में रखे कुछ खाद्य पदार्थों को अगर सही तरीके से स्टोर न किया जाए, तो मानसून के दौरान ये जल्दी खराब होने लगते हैं या फिर इनमें कीड़े लग जाते हैं। बरसात के मौसम में हवा में नमी काफी बढ़ जाती है, जिसका असर खाने-पीने की चीजों पर भी पड़ता है। कई ऐसे अनाज हैं जिनमें जल्दी कीड़े और फफूंद लग जाते हैं। इन्हीं में से एक सूजी भी है।
सूजी का इस्तेमाल लगभग हर घर में किया जाता है। सूजी से स्नैक्स, हलवा, चीला से लेकर अन्य कई तरह की स्वादिष्ट रेसिपी तैयार की जाती है। सूजी में अगर हल्की नमी भी पहुंच जाए, तो उसमें घुन और सफेद कीड़े लग सकते हैं, जिसके बाद इसे फेंकना पड़ जाता है। हालांकि, कुछ तरीके हैं जिनकी मदद से आप बरसात के मौसम में सूजी को लंबे समय तक फ्रेश रख सकते हैं।
1- भूनकर रखें
बारिश के मौसम में सूजी को खराब होने से बचाने का सबसे आसान और सरल तरीका है कि इसे भूनकर स्टोर करें। सूजी को कड़ाही में बिना घी या तेल डाले ऐसे ही भूनकर स्टील या कांच के डिब्बे में भरकर रख दें। भनने से सूजी में मौजूद अतिरिक्त नमी निकल जाती है, जिसके चलते इसके लंबे समय तक ताजा रहने में मदद मिल सकती है।
2- ठंडी और सूखी जगह
कई बार लोग सूजी के डिब्बे को ऐसी जगह रख देते हैं, जहां नमी अधिक होती है और फिर कुछ समय बाद इसमें कीड़े लगने लगते हैं। सूजी के डिब्बे को गैस स्टोव, सिंक, खिड़की या ऐसी जगह नहीं रखना चाहिए जहां भाप या नमी अधिक आती है। इसे हमेशा ठंडी, सूखी और साफ जगह पर रखना चाहिए।
3- तेजपत्ता और लौंग
बरसात के मौसम में सूजी को कीड़ों से बचाने के लिए पारंपरिक तरीका है उसमें तेजपत्ता या लौंग डालकर रखना। इसके लिए सूजी के डिब्बे में 2-3 तेजपत्ते या 4-5 लौंग डाल देने से कीड़े और घुन लगने का खतरा काफी कम हो जाता है। इनकी तेज प्राकृतिक खुशबू कीड़ों और घुन को दूर रखने में मदद करती है।
4- फ्रिज में करें स्टोर
अगर आपके घर में बहुत ज्यादा नमी रहती है और अधिक मात्रा में सूजी है, तो उसे आप फ्रिज में भी स्टोर कर सकते हैं। इसके लिए एक एयरटाइट कंटेनर में सूजी भरकर फ्रिज में रख दें। इससे नमी और कीड़ों दोनों से बचाव हो सकता है।
5- न करें ये गलतियां
सूजी निकालते समय गीले या नम चम्मच का इस्तेमाल बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए। हल्की-सी भी नमी पूरे कंटेनर की सूजी को खराब कर सकती है। ऐसे में हमेशा सूखे और साफ चम्मच का इस्तेमाल करना चाहिए।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य घरेलू जानकारी पर आधारित है। अगर किसी खाद्य पदार्थ में तेज दुर्गंध, फफूंदी या ज्यादा कीड़े नजर आए तो उसका सेवन न करें। खाद्य सुरक्षा से जुड़ी किसी भी गंभीर समस्या के लिए तुरंत विशेषज्ञ से सलाह लें।
Also Read
बरसात में क्यों लग जाते हैं चावल में कीड़े, इन आसान उपायों से करें बचाव
