सर्दियों के मौसम में मार्केट में हरी मटर की भरमार होती है। मटर को कई तरह की सब्जियों के साथ भी बनाया जाता है। खासकर कीमत कम होने पर लोग इसे एक बार में अधिक खरीदकर स्टोर भी करते हैं।
वहीं, कई बार ऐसा होता है कि मटर को छीलने के कुछ समय बाद ही उसका रंग फीका पड़ने लगता है, जिससे वह जल्दी खराब हो जाती है। ऐसे में आप कुछ खास टिप्स को फॉलो करके मटर को लंबे समय तक ताजा रख सकते हैं। यहां हम आपके लिए कुछ खास टिप्स लेकर आए हैं, जिन्हें आप फॉलो कर सकते हैं।
मटर छीलने के बाद धोएं
मटर छीलने के बाद उसे साफ पानी से धो लें। दरअसल, मटर छीलने के बाद उस पर हल्की गंदगी या फली का रस लग जाता है, जिससे उस पर बैक्टीरिया पनपने लगते हैं। मटर को साफ पानी से धोने पर यह जल्दी खराब नहीं होती। हालांकि, धोने के बाद उसे अच्छी तरह सुखा लें।
एयरटाइट कंटेनर का करें उपयोग
छिली हुई मटर को लंबे समय तक स्टोर करने के लिए एयरटाइट कंटेनर का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा आप जिप लॉक बैग का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। दरअसल, इससे मटर में नमी नहीं लगती, जिससे वह लंबे समय तक ताजा बनी रह सकती है।
फ्रीजर में करें स्टोर
मटर को छीलने के बाद स्टोर करने के लिए फ्रीजर का उपयोग किया जा सकता है। फ्रीजर में रखी मटर कई हफ्तों तक खराब नहीं होती। आप इसे सब्जी बनाते समय सीधे उपयोग में भी ले सकते हैं। अगर आप मटर को 2-3 दिन तक इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो इसे फ्रिज के वेजिटेबल सेक्शन में रखना बेहतर होता है।
