घर में कई ऐसी चीजें होती हैं जिन्हें पुराने या फिर फट जाने पर कूड़ा समझ कर हम फेंक देते हैं। मोजे भी इसमें से एक हैं जिनके फट जाने पर या फिर पुराने हो जाने पर फेंक देते हैं। लेकिन इसका कई चीजों में इस्तेमाल किया जा सकता है। घर में कई ऐसी छोटी-छोटी चीजें होती हैं जिनपर हम पैसा खर्ज करते हैं। ऐसे में यहां पर मोजों का इस्तेमाल कर छोटे-मोटे खर्ज बचा सकते हैं।
मोजे साफ-सफाई से लेकर सजावट तक में काम आ सकते हैं। इनका इस्तेमाल फर्नीचर से लेकर टीवी, पंखों तक को साफ करने के लिए किया जा सकता है। आइए जानते हैं विस्तार से:
बागवानी में कर सकते हैं इस्तेमाल
पुराने मोजों का इस्तेमाल बागवानी में कर सकते हैं। गमलों में मिट्टी डालते समय इन मोजों को नीचे रख देने से मिट्टी बाहर नहीं गिरती है। साथ ही पानी की निकासी भी सही बनी रहती है। नाजुक टहनियों को सहारा देने के लिए मोजे की पट्टी बनाकर बांध सकते हैं।
घर की सफाई में करें इस्तेमाल
घर की सफाई में ऐसे कपड़े की जरूरत होती है जिसमें धूल-मिट्टी आसानी से चिपक जाए। मोजे मुलायम कपड़े से बने होते हैं, ऐसे में घर की सफाई करते वक्त धूल-मिट्टी और बाल आसानी से साफ हो सकते हैं। इसके साथ ही किसी चीज पर खरोंच भी नहीं आएगी। मोजे से पंखों पर चिपकी काली परत और धूल-मिट्टी को आसानी से हटा सकते हैं। इसके साथ ही टेबल, कुर्सी और अन्य चीजें आसानी से साफ कर सकते हैं।
फर्नीचर पर करें इस्तेमाल
कई बार फर्नीचर के पैरों के चलते फर्श पर खरोंच आ जाते हैं। ऐसे में इनके पैरों में मोजे को चढ़ा देने से फर्श पर खरोंच की समस्या खत्म हो सकती है।
पाउच बना सकते हैं
कई बार जूलरी या ईयरबड्स को सही से स्टोर नहीं करने पर इन्हें खोजने में काफी समस्या होती है। ऐसे में पुराने मोजों की मदद से इन छोटी चीजों को एक जगह स्टोर कर रखने के लिए पाउच बना सकते हैं।
बच्चों के भी काम आ सकते हैं
पुराने मोजे बच्चों के भी काम आ सकते हैं। रंग-बिरंगे और पैटर्न वाले मोजे से बच्चों के लिए सॉफ्ट पपेट बनाकर उन्हें खेलने के लिए दे सकते हैं।
Also Read
घिसे हुए साबुन को फेंकें नहीं, इन 5 तरीकों से करें इस्तेमाल
