पुरानी या फटी चादरों को बेकार समझकर अक्सर लोग फेंक देते हैं या फिर ये अलमारी के किसी कोने में पड़ी रहती हैं। हालांकि, थोड़ी सी क्रिएटिविटी और मेहनत से इन्हें दोबारा इस्तेमाल में लाया जा सकता है। इससे पैसों की तो बचत होगी ही, साथ ही आप इनसे कई तरह की चीजें बनाकर नए तरीके से उपयोग में भी ला सकते हैं।
किचन के लिए पोछा तैयार करें
पुरानी चादरों का उपयोग आप किचन या घर की सफाई के लिए कर सकते हैं। आप इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर पोछा, डस्टिंग क्लॉथ या किचन टॉवल की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं। दरअसल, पुरानी कॉटन चादरें बाजार में मिलने वाले कपड़ों से ज्यादा मुलायम और सोखने वाली होती हैं।
कुशन कवर या तकिया कवर बनाएं
पुरानी चादर कई बार सिर्फ एक या दो जगह से ही फटी होती है और उसका बाकी कपड़ा सही होता है। ऐसे में पूरी चादर को बेकार समझकर फेंकने के बजाय उसके सही हिस्से का इस्तेमाल किया जा सकता है। आप साफ और बिना फटे हिस्से को काटकर उससे खूबसूरत कुशन कवर या तकिया कवर तैयार कर सकते हैं।
शॉपिंग बैग या स्टोरेज बैग बनाएं
पुरानी चादरों से आप शॉपिंग बैग या स्टोरेज बैग भी तैयार कर सकते हैं। यह पर्यावरण के लिए भी बेहतर होता है। इसके लिए चादर के मोटे हिस्से को काटकर डबल लेयर में सिलाई करें। इसमें मजबूत हैंडल लगाकर इसे किराना या सब्जी लाने में इस्तेमाल किया जा सकता है।
पालतू जानवर के लिए बिस्तर
पुरानी चादरों का उपयोग आप पालतू जानवरों के लिए बिस्तर के रूप में कर सकते हैं। इन्हें फोल्ड करके या पुराने तकिए में भरकर पालतू जानवर के लिए सॉफ्ट मैट तैयार किया जा सकता है। इससे वे भी आराम से सो सकेंगे।
आयरनिंग बोर्ड कवर
पुरानी चादर से आप आयरनिंग बोर्ड का नया कवर तैयार कर सकते हैं। इसके मोटे हिस्से को काटकर फिटिंग के अनुसार सिल लें। इससे आयरन करना आसान होगा और बोर्ड भी साफ रहेगा।
