Rose Plant Gardening Tips: छत, बालकनी या बगीचे में रंग-बिरंगे और खुशबूदार फूलों वाला पौधा लगाना चाहते हैं, तो सर्दियों का समय बेहतरीन माना जाता है। यह समय गुलाब का पौधा लगाने के लिए उपयुक्त माना जाता है। गुलाब के फूल दिखने में सुंदर लगते हैं और घर को महकाने का काम भी करते हैं। यही वजह है कि ज्यादातर लोग इसे घर पर लगाना पसंद करते हैं। हालांकि इस पौधे को बढ़ने के लिए सही देखभाल की जरूरत होती है। कई बार हम नर्सरी से पौधा घर लाते हैं और उसे गमले में यूं ही लगा देते हैं। ऐसे में कई बार पौधा धीरे-धीरे सूखने लगता है या फिर एक या दो साल बाद मर सकता है। जिसके पीछे पौधा लगाने से जुड़ी कुछ गलतियां जिम्मेदार हो सकती हैं।
अगर आप नर्सरी से गुलाब का पौधा लाने की सोच रहे हैं, तो उसे लगाने से पहले कुछ बातों का ध्यान रखें। इसके लिए यहां बताए गए तरीकों को अपनाया जा सकता है, जिससे पौधे को लंबे समय तक स्वस्थ और हरा-भरा रखा जा सकता है। आइए, जानते हैं इसे लगाने का सही तरीका क्या है।
नर्सरी से लाए गुलाब के पौधे सूखने का कारण
कई लोगों को यह शिकायत रहती है कि नर्सरी से खरीदे गए गुलाब के पौधे एक या दो साल में सूख जाते हैं। इन पौधों की जल्दी ग्रोथ और ज्यादा फूल दिखाने के लिए केमिकल फर्टिलाइजर का इस्तेमाल किया जाता है। जिसकी वजह से कुछ समय बाद पौधा कमजोर होकर सूखने लगता है। इस समस्या से बचने के लिए नर्सरी से गुलाब लाकर लगाने से पहले कुछ बातों का ध्यान रख सकते हैं। इसे घर पर लाते ही नई और अच्छी मिट्टी में रिपॉट करना चाहिए।
गुलाब खरीदने का सही समय
गुलाब के नए पौधे खरीदने और कटिंग लगाने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से फरवरी (सर्दी का मौसम) के बीच का समय माना जाता है। क्योंकि ठंडे मौसम में पौधे आसानी से नए माहौल में ढल जाते हैं और इसमें फंगस लगने का खतरा कम हो सकता है। नर्सरी से पौधा लगाने के बाद इसे पहले रिपॉट करें।
गुलाब लगाने का तरीका
सबसे पहले नर्सरी से लाए पौधे को बैग से धीरे से बाहर निकालें। अब जड़ों से पुरानी मिट्टी को सावधानी से हटाएं। इससे गुलाब का रूट बॉल छोटा हो जाएगा। अब पौधे को साफ करने के लिए उसकी सूखी टहनियों या शाखाओं को काट दें। इससे पौधा स्वस्थ और हरा-भरा रह सकता है। पौधे को लगाने के लिए ड्रेनेज वाला लगभग 6 इंच का गमला चुनें। गमले के नीचे छेदों के ऊपर जूट का कपड़ा रख सकते हैं। इससे पानी आसानी से निकल जाएगा और मिट्टी नहीं बहेगी।
नई मिट्टी तैयार करें
बगीचे की सामान्य मिट्टी की जगह गुलाब के पौधे को लगाने के लिए नई मिट्टी तैयार कर सकते हैं। इसके लिए 60 प्रतिशत राइस हस्क (धान की भूसी) और 40 प्रतिशत कम्पोस्ट का मिश्रण तैयार कर सकते हैं। धान की भूसी को करीब 10 से 15 दिन पानी में भिगोकर रखें। इससे भूसी नरम हो जाएगी और जड़ों को नुकसान नहीं पहुंचेगा। अब इसमें कम्पोस्ट को मिलाकर गमले में भर लें। अब पौधे को नए मिक्स में लगाएं और ऊपर से हल्का पानी दें। गमले को ऐसी जगह रखें जहां से धूप मिल सके।
