लिविंग रूम में अधिकतर लोग सोफा रखते हैं। दरअसल, सोफा लिविंग रूम की खूबसूरती को तो बढ़ाता ही है, साथ ही मेहमानों के बैठने और परिवार के साथ सुकून के पल बिताने की अहम जगह भी होता है। वहीं, कई बार सोफे पर चाय या कॉफी गिर जाती है, जिससे इसका लुक बिगड़ जाता है।
वहीं, सोफे को साफ करने के लिए कई लोग महंगे-महंगे क्लीनर सहित कई तरह की चीजों का उपयोग करते हैं। हालांकि, कई बार इन केमिकल्स के उपयोग से सोफा खराब भी हो जाता है। ऐसे में इन दागों को हटाने के लिए आप कुछ आसान घरेलू उपायों को फॉलो कर सकते हैं। इससे सोफा पहले की तरह ही साफ हो जाएगा।
बेकिंग सोडा से करें क्लीन
सोफे से दाग हटाने के लिए आप बेकिंग सोडा का उपयोग कर सकते हैं। दाग हटाने के लिए यह काफी असरदार उपाय माना जाता है। इसके लिए हल्का बेकिंग सोडा दाग वाली जगह पर डालें और इसके बाद गीले कपड़े से इसे हल्के हाथों से रगड़ें। इससे दाग कुछ ही समय में आसानी से निकल जाएगा।
नींबू का रस और बेकिंग सोडा
कई बार सोफे पर दाग इतने गहरे होते हैं कि नॉर्मल तरीके से क्लीन नहीं हो पाते। ऐसे में आप इसे साफ करने के लिए नींबू का रस और बेकिंग सोडा का उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए दोनों को मिलाकर हल्का पेस्ट बनाएं और दाग पर लगाएं। कुछ मिनट के लिए इसे ऐसे ही छोड़ दें। करीब 10 मिनट बाद आप इसे हल्के गीले कपड़े से साफ कर सकते हैं।
नमक से करें सफाई
अगर सोफे पर चाय या कॉफी तुरंत गिरी है, तो आप इसे नमक से भी क्लीन कर सकते हैं। दरअसल, नमक लिक्विड को काफी तेजी से सोखता है। ऐसे में जिस जगह पर चाय या कॉफी गिरी हो, वहां तुरंत नमक डाल दें। इसके बाद सूखे कपड़े से साफ कर लें।
हाइड्रोजन पेरॉक्साइड का करें उपयोग
सोफे पर लगे पुराने दाग हटाने के लिए आप हाइड्रोजन पेरॉक्साइड का भी उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए हाइड्रोजन पेरॉक्साइड को रुई या साफ कपड़े की मदद से दाग वाली जगह पर लगाएं और कुछ मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें। इसके बाद सूखे कपड़े से साफ कर लें। इससे दाग धीरे-धीरे हल्के पड़ने लगते हैं।
