होली रंगों का त्योहार है और इस मौके पर बच्चे, बड़े से बूढ़े तक एक-दूसरे को जमकर रंग लगाते हैं। होली के मौके पर गली-मोहल्ले से लेकर हर जगह रंग ही रंग नजर आते हैं। होली पर खेले जाने वाले पक्के रंगों को छुड़ाना काफी कठिन होता है। ये रंग चेहरे और कपड़े पर ही नहीं, बल्कि फर्श पर भी लग जाए तो इसे हटाना काफी मुश्किल होता है। घर के फर्श पर लगे पक्के रंग सूखने के बाद कई दिनों तक दाग छोड़ सकते हैं। कई बार ये साधारण पानी से साफ नहीं होते हैं।

ऐसे में कुछ घरेलू उपायों की मदद से फर्श को फिर से साफ और चमकदार बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं इन रंगों को साफ करने के सबसे असरदार तरीकों के बारे में।

1- सफेद सिरका
सफेद सिरका में मौजूद एसिटिक एसिड गंदे दागों को साफ करने में मदद करता है। होली के रंगों से दंगे हुए फर्श को साफ करने के लिए यह काफी प्रभावी हो सकता है।

कैसे करें इस्तेमाल
आधी बाल्टी गुनगुने पानी डाल में आधा कप सिरका मिलाकर अच्छी तरह से घोल लें। अब इस घोल से पोछा लगाएं। कुछ देर में रंग हल्के पड़ने लगेंगे और दाग साफ हो सकता है।

2- बेकिंग सोडा और नींबू
बेकिंग सोडा और नींबू दोनों का ही इस्तेमाल साफ-सफाई में किया जाता है। इन दोनों की मदद से रंग आसानी से हट सकते हैं। बेकिंग सोडा नेचुरल क्लीनर की तरह काम करता है और नींबू में सिट्रिक एसिड होता है, जो दाग हटाने में मदद करता है।

कैसे करें इस्तेमाल
2-3 चम्मच बेकिंग सोडा में एक चम्मच नींबू का रस मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें। इस पेस्ट को दाग वाली जगह पर लगाकर 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद ब्रश की मदद से हल्के हाथों से रगड़ें और पानी से साफ कर लें।

3- हाइड्रोजन पेरोक्साइड
हाइड्रोजन पेरोक्साइड में एंटीसेप्टिक और ब्लीचिंग गुण होते हैं, जिसकी मदद से दाग आसानी से साफ हो सकते हैं। ध्यान रहे कि पहले फर्श के किसी छोटे हिस्से पर टेस्ट जरूर कर लें।

कैसे करें इस्तेमाल
फर्श पर लगे रंगों को साफ करने के लिए हाइड्रोजन पेरोक्साइड का हल्का घोल बनाकर दाग वाली जगह पर लगाएं। 5-10 मिनट बाद साफ कपड़े की मदद से पोंछ दें। इससे रंग के दाग हल्के हो सकते हैं।

4- टूथपेस्ट
टूथपेस्ट का भी इस्तेमाल रंगों को साफ करने में किया जा सकता है।

कैसे करें इस्तेमाल
दाग वाली जगह पर टूथपेस्ट लगाकर 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद ब्रश की मदद से हल्के हाथों से रगड़ें और पानी से धो लें। इसके बाद गीले कपड़े से साफ कर लें। इससे दाग आसानी से हट सकते हैं।

5- डिशवॉश लिक्विड
रंग से गंदे हुए फर्श को साफ करने के लिए बर्तन धोने वाले लिक्विड का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

कैसे करें इस्तेमाल
एक बाल्टी गर्म पानी में थोड़ा सा डिशवॉश लिक्विड मिला लें। इस घोल से पोछा लगाएं। टाइल्स वाले फर्श पर यह असरदार साबित हो सकता है।

Also Read
होली खेलते समय आंखों का रखें खास ख्याल, इन 4 तरीकों से रखें ध्यान