कभी धूप-कभी बारिश तो कभी भयंकर उमस। ऐसे में हेलमेट में पसीना आना तय है। लंबे समय तक हेलमेट को इस्तेमाल करने के बाद इसमें अजीब सी दुर्गंध आने लगती है। बहुत सारे लोग इस बदबू से बचने के लिए इसमें परफ्यूम या फिर रूम फ्रेशनर डाल देते हैं। लेकिन इससे काम नहीं चलता। बदबू कुछ घंटों के लिए तो कम हो जाती है लेकिन पूरी तरह खत्म नहीं होती है। हेलमेट में बदबू पसीना, त्वचा का तेल (sebum), बैक्टीरिया और नमी के कारण आती है। आइए जानें इसके बारे में विस्तार से।
हेलमेट से क्यों आने लगती है बदबू?
गर्मी-उमस से पसीना बहुत आता है। ऐसे में हेलमेट के अंदर की लाइनिंग (liner) पसीना सोख लेती है। अगर हेलमेट पसीने से लंबे समय तक गीला रहे तो उसमें बैक्टीरिया और फंगस बढ़ सकती है। यही बदबू की मुख्य वजह होती है।
हेलमेट से दुर्गंध दूर करने के आसान तरीके
हेलमेट को पूरी तरह सुखाकर रखें
अगर आपका हेलमेट पसीने से भीगा है या फिर बारिश में भीग गया है तो उसे तुरंदर बंद जगह पर न रखें। इसलिए हेलमेट को हवादार जगह पर रखें। हेलमेट का वाइजर को खोल दें। अगर आपके हेलमेट से लाइनर निकल सकता है तो उसे निकालकर सुखाएं।
लाइनर को निकालकर धोएं
हेलमेट का लाइनर अगर निकल सकता है तो उसे निकालकर धो सकते हैं। आजकल अधिकांश ISI और प्रीमियम हेलमेट में रिमूवेबल लाइनर होता है। इसे आप हटा सकते हैं और हल्के लिक्विड डिटर्जेंट या बेबी शैम्पू से उसे वॉश कर सकते हैं।
लाइनर न निकले तो क्या करें?
अगर आपके हेलमेट का लाइनर न निकले तो आप माइक्रोफाइबर कपड़े को हल्के साबुन वाले पानी में भिगोकर निचोड़ लें। इसके बाद अंदर की पैडिंग को धीरे-धीरे साफ करें। बाद में साफ गीले कपड़े से साबुन हटा दें। इसके बाद पूरी तरह सूखने दें।
हेलमेट पहनने से पहले बाल सुखाएं
हमेशा हेलमेट लगाएं जब बाल सूखा लें। गीले बालों में हेलमेट लगाने से नमी बढ़ती है। ऐसे में बदबू जल्दी आ सकती है। फंगस बनने की संभावना बढ़ सकती है। अगर बाल गीले हैं तो हेलमेट केप पहनें तब हेलमेट यूज करें।
क्या बेकिंग सोडा हेलमेट की बदबू कम करता है?
कुछ लोग सूखे हेलमेट के अंदर रातभर बेकिंग सोडा रखकर गंध कम करने की सलाह देते हैं। यह उपाय बदबू कम करने में मदद कर सकता है, लेकिन यह बैक्टीरिया को खत्म नहीं करता है। इसलिए इसे सफाई का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए।
