बाथरूम या फिर किचन के सिंक का ऊपरी हिस्सा तो लोग अक्सर साफ करके चमका देते हैं, लेकिन कई बार इसके किनारों पर जमी काली गंदगी को नजरअंदाज कर देते हैं। दरअसल, सिंक के किनारों और कोनों तक पहुंचना थोड़ा मुश्किल होता है, इसलिए वहां जमा मैल लंबे समय तक बना रहता है। समय के साथ इन हिस्सों में साबुन के मैल, फंगस, पानी के दाग और काली गंदगी जमा होने लगती है, जिससे सिंक की चमक फीकी पड़ जाती है और यह गंदा दिखने लगता है।

हालांकि, कुछ आसान तरीके हैं जिनकी मदद से आप सिंक के किनारों पर जमी काली गंदगी को आसानी से साफ कर सकते हैं। आइए जानते हैं।

पहला तरीका

साफ सफाई में अक्सर बेकिंग सोडा और सफेद सिरका का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में सिंक के किनारों पर जमी काली जंदगी को साफ करने के लिए यह नुस्खा कारगर साबित हो सकता है। इसके लिए सबसे पहले सिंक के किनारों पर बेकिंग सोडा छिड़क दें और इसके ऊपर सफेद सिरका डाल दें। इस मिश्रण को सिंक के उन कोनों में डालें जहां पर ज्यादा कालापन है। करीब 15 मिनट तक लगाकर छोड़ दें। इसके बाद इसे पुराने टूथब्रश या स्क्रब ब्रश की मदद से रगड़ दें। सिंक को पानी से अच्छी तरह से साफ करें। इससे काफी हद तक किनारों पर जमी गंदगी साफ हो सकती है।

दूसरा तरीका

अगर सफेद सिंक को साफ करना है तो टूथपेस्ट का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। यह नुस्खा सिंक के कोनों में जमी गंदगी को हटाने में काफी कारगर साबित हो सकता है। इसके लिए एक पुराने टूथब्रश में पेस्ट लगाकर इसे गंदगी वाले हिस्से में लगा दें। इस पेस्ट को करीब 30 मिनट के लिए लगाकर छोड़ दें। इसके बाद पानी से अच्छी तरह धो दें। इससे काफी हद तक गंदगी साफ हो सकती है।

तीसरा तरीका

नींबू और नमक का भी इस्तेमाल सिंक के कोनों में जमी काली गंदगी को साफ करने में कारगर साबित हो सकते हैं। इसके लिए आधे कटे नींबू में थोड़ा सा नमक लगाकर सिंक के उन कोनों पर रगड़ें जहां पर कालापन और गंदगी जमा है। इसे 10 मिनट लगाकर छोड़ दें और फिर साफ पानी से धो दें। ऐसे में इन आसान नुस्खों की मदद से आप किचन के सिंक के कोनों की सफाई कर सकते हैं।

Also Read
फ्रिज के पीछे लगी ये जाली गंदी होने पर बढ़ा सकती है बिजली बिल, इस तरह करें मिनटों में सफाई