मौसम करवट बदलने को तैयार है। ऐसे में अलमारी-बेड के अंदर रखे कपड़ों को बाहर निकालने का वक्त जल्दी ही आने वाला है। कई बार ऐसा होता है कि हम रजाई-कंबल, स्वेटर-जैकेट जैसे कपड़ों को धोकर धूप में अच्छे से सुखाकर अंदर रखते हैं लेकिन जब उन्हें बाहर निकाला जाता है तो उनमें सीलन जैसी अजीब सी बदबू आने लगती है। अलमारी में टांगे हुए कपड़े भी बदबूदार हो सकते हैं, खासकर अगर वे नम हों। ऐसे में सर्दी से सभी कपड़ों को दोबारा धोना मुश्किल है। कंबल समेत गर्म कपड़ों को बिना धोए बदबू को हटाने के लिए आप यहां बताए तरीके अपना सकते हैं।

सबसे पहले खुली हवा और हल्की धूप में रखें

जब भी बेड या अलमारी में लंबे समय से बंद कंबल, स्वेटर और जैकेट को बाहर निकाले तो उन्हें कुछ घंटों के लिए हवादार जगह पर टांग दें। आप कपड़ों को थोड़ी देर के लिए धूप में भी रख सकते हैं।

अलमारी को सुखाकर रखें ये चीज

कपड़ों को दोबारा अलमारी में रखने से पहले उसे भी अच्छी तरह से सुखाएं। कई बार कपड़ों में बदबू अलमारी की नमी की वजह से आ सकती है। ऐसे में कपड़े निकालकर अलमारी के दरवाजे खोल दें और अंदर की जगह को पूरी तरह सूखने दें। आप चाहें तो नमी कम करने के लिए सिलिका जेल के पैकेट भी रख सकते हैं।

बेकिंग सोडा करेगा बदबू कम

गर्म कपड़ों को अलमारी में रखने से पहले बेकिंग सोडा का खुला डिब्बा उसमें रख दें। इसे कपड़ों से अलग किसी सुरक्षित जगह पर रख सकते हैं। यह आसपास की गंध कम करने में मदद कर सकता है।

नेचुरल फ्रेशनर बनाकर डालें

कंबल-स्वेटर समेत गर्म कपड़ों को बिना धोए उनसे आने वाली बदबू को दूर करने के लिए आप घर में नेचुरल फ्रेशनर भी बना सकते हैं। इसके लिए आपको चाहिए नींबू का रस, पानी और कुछ बूंदें एसेंशियल ऑयल। इन सभी को मिलाकर एक मिश्रण तैयार करें। इसे रजाई और कंबल पर हल्के से स्प्रे करें और कुछ देर खुली हवा में छोड़ दें।

चारकोल बैग का करें इस्तेमाल

नमी को सोखने में चारकोल बैग मदद कर सकता है। इसे आप कंबल के पास या स्टोरेज बॉक्स में रख सकते हैं। इससे गंध पैदा नहीं होती और सर्दियों के कपड़े फ्रेश रहते हैं।

एसेंशियल ऑइल से बनाएं स्प्रे

गर्म कपड़ों से बदबू हटाने के लिए आप एसेंशियल ऑइल का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए एक स्प्रे बोतल में पानी में तेल की कुछ बूंदें मिलाएं। अपने कपड़ों पर अच्छी तरह से स्प्रे करें।

कपूर भी आएगा काम

बिना धोए गर्म कपड़ों से आने वाली महक को हटाने में कपूर भी मदद कर सकता है। बदबू से कंबल ओढ़ना मुश्किल हो रहा है तो एक साफ कवर लें और उसे रजाई या कंबल पर चढ़ा दें। इसके बाद कुछ कपूर उसमें डाल दें। ऐसा करने से कुछ ही समय में बदबू दूर हो जाएगी।