सुबह के बचे हुए चावल को शाम के समय दोबारा गर्म करने में कई बार काफी परेशानी होती है। दरअसल, गर्म करते समय ये बर्तन में चिपकने लगते हैं, जिससे बर्तन कई बार नीचे से जल जाता है। इससे चावल कई बार सूखे और सख्त भी हो जाते हैं, जिससे उनका टेस्ट भी बिगड़ जाता है।

हालांकि, सुबह के चावल को गर्म करने के लिए आप कुछ खास टिप्स को फॉलो कर सकते हैं। इससे चावल गर्म करने के बाद भी ताजे बने रहेंगे और बर्तन में एक भी दाना नहीं चिपकेगा। इस आर्टिकल में हम आपके लिए कुछ खास टिप्स लेकर आए हैं, जिन्हें आप फॉलो कर सकते हैं।

पानी की छींटें डालकर करें गर्म

चावल को सीधे गैस पर चढ़ाने से पहले उसमें 2-3 चम्मच पानी की हल्की छींटें डाल सकते हैं। इसके बाद बर्तन को ढक्कन से ढक दें और धीमी आंच पर 5-7 मिनट तक गर्म करें। दरअसल, भाप बनने से चावल नरम हो जाते हैं और नीचे नहीं चिपकते। आप इन्हें बीच-बीच में चलाते रहें।

माइक्रोवेव में सही तरीके से करें गर्म

आप चावल को माइक्रोवेव में भी सही तरह से गर्म कर सकते हैं। इसके लिए माइक्रोवेव-सेफ बर्तन में सबसे पहले चावल रखें और ऊपर से थोड़ा पानी छिड़क दें। फिर बर्तन को ढककर 1-2 मिनट के लिए गर्म करें।

डबल बॉयलर विधि से करें गर्म

आप चावल को डबल बॉयलर विधि से भी गर्म कर सकते हैं। इसके लिए एक बड़े बर्तन में पानी उबालें और उसके ऊपर चावल वाला बर्तन रख दें। दरअसल, इससे चावल आंच के सीधे संपर्क में नहीं आते हैं, जिससे चिपकने या जलने की संभावना कम हो जाती है।