बहुत सारे लोग शुगर क्रेविंग्स को कंट्रोल करना या डाइट में शुगर इंटेक को घटाना चाहते हैं, लेकिन जाने-अनजाने वो ऐसी गलतियां कर देते हैं जिनके बारे में उन्हें कई बार जानकारी नहीं होती है। चीनी (शुगर) सिर्फ मिठाइयों तक सीमित नहीं है, बल्कि कोल्ड ड्रिंक्स, पैक्ड जूस, बिस्कुट, ब्रेड और कई प्रोसेस्ड फूड्स के जरिए भी हमारी डाइट का हिस्सा बन चुकी है। जरूरत से ज्यादा चीनी का सेवन कई तरह से हमारी सेहत पर बुरा असर डाल सकता है। कुछ आसान और सुरक्षित बदलाव अपनाकर आप धीरे-धीरे अपनी डाइट में चीनी की मात्रा कम कर सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ स्मार्ट और असरदार तरीके जिनकी मदद से आप डाइट में शुगर की मात्रा को कम कर सकते हैं।
फिजी ड्रिंक्स और मीठे पेय पदार्थों से दूरी बनाएं
सॉफ्ट ड्रिंक्स, एनर्जी ड्रिंक्स, मीठी कॉफी, पैक्ड जूस और फ्लेवर्ड बेवरेज में अक्सर काफी मात्रा में चीनी होती है। इसके बजाय आप सादा पानी, नींबू पानी (बिना चीनी), नारियल पानी या बिना चीनी वाली हर्बल चाय पी सकते हैं।
फूड लेबल पढ़कर ही खरीदें
चीनी सिर्फ मिठाइयों में ही नहीं होती है। वह ब्रेड, सॉस और कई तरह के प्रोसेस्ड फूड में भी छिपी होती है। इसलिए जब भी कुछ खरीदें पैकेट पर लिखे नामों जैसे सुक्रोज, फ्रुक्टोज, ग्लूकोज, माल्टोज, कॉर्न सिरप, ओज (ose) जैसे शब्दों पर ध्यान दें। खरीदारी से पहले न्यूट्रिशन लेबल पढ़ना आपको अतिरिक्त चीनी लेने से बचा सकता है।
मीठा खाने का मन हो तो साबुत फल खाएं
आपको कोशिश करनी चाहिए कि जब भी आपका बहुत ज्यादा मीठा खाने का मन करे तो कैंडी, चॉकलेट या मिठाई की जगह फल खाएं। आप केला, सेब, अमरूद, संतरा, बेरीज और पपीता खा सकते हैं। इनमें प्राकृतिक मिठास के साथ फाइबर, विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट भी होता है।
चीनी की जगह डालें ये चीजें
अगर चाय या कॉफी बिना चीनी के फीकी लगती है, तो आप स्वाद बढ़ाने के लिए दालचीनी, इलायची, जायफल या बिना चीनी वाले नेचुरल फ्लेवर का इस्तेमाल कर सकते हैं। धीरे-धीरे चीनी की मात्रा कम करने से स्वाद की आदत भी बदलने लगती है। कुछ समय बाद कम मीठा भी सही लगने लगता है।
बिस्कुट और चिप्स की जगह हेल्दी स्नैक्स चुनें
शाम की भूख लगने पर अक्सर लोग बिस्कुट, नमकीन या चिप्स खा लेते हैं। इनमें भी चीनी, नमक और रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट हो सकते हैं। इनकी जगह भुने चने, मखाने, मुरमुरे, नट्स, बीज या साबुत अनाज से बने स्नैक्स बेहतर विकल्प हो सकते हैं।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के लिए है। यदि आपको डायबिटीज या कोई अन्य स्वास्थ्य समस्या है, तो डाइट में किसी भी तरह से बदलाव करने से पहले डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह जरूर लें।
