लिविंग रूम, स्टडी रूम या दरवाजे को सजाने के लिए कई तरह के इंडोर पौधों को लगाया जाता है। जो घर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ-साथ कम देखभाल में आसानी से बढ़ सकते हैं। बीजों की तुलना में कटिंग से लगने वाले पौधे ज्यादा जल्दी बढ़ सकते हैं। अगर आप भी सजावटी पौधे की कटिंग लगाने की सोच रहे हैं, तो ड्रेसीना को चुन सकते हैं। ड्रेसीना कई वैरायटी (किस्में) में मिलते हैं। मार्जिनाटा, रिफ्लेक्सा, सैंडरियाना, लेमन लाइम, कॉम्पैक्टा, गोल्डन मिल्की और ड्रेसीना फ्रेग्रेंस मस्सेंजना प्रमुख हैं। यह खूबसूरत इंडोर प्लांट घर की सुंदरता को बढ़ाने और हवा को शुद्ध करने में मदद कर सकता है।
कम देखभाल और लंबे समय तक घर को हरा-भरा बनाए रखना चाहते हैं, तो ड्रेसीना का पौधा बेहतरीन विकल्प हो सकता है। इसे आमतौर पर घर और ऑफिस में सजावट के लिए लगाया जाता है। यह सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ हवा को शुद्ध करने में भी मदद करता है। ड्रेसीना अलग-अलग रंगों और वैरायटी में मिलते हैं, जो इंडोर और बालकनी गार्डन की खूबसूरती को बढ़ा सकते हैं।
कटिंग से लगाने का तरीका
ड्रेसीना के पौधे को सिर्फ एक कटिंग से भी तैयार किया जा सकता है। इसके लिए आपको स्वस्थ पौधे की टहनी लेनी होगी, जो लगभग 5 से 8 इंच लंबी हो। इसमें कम से कम 2 से 3 नोड होनी चाहिए। इससे कटिंग जल्दी और आसानी से लग सकती है। कटिंग लगाते समय हमेशा ध्यान रखें कि नीचे की पत्तियों को हटाएं और ऊपर तीन-चार पत्तियों को रहने दें। कटिंग लेने के बाद इसके नीचे की पत्तियों को हटा दें और ऊपर स्वस्थ पत्तियों को रहने दें। पत्तों को कम रखने से पौधे में पानी देने की जरूरत कम पड़ती है। इसके अलावा बहुत पुरानी या नरम कटिंग न लें। इससे पौधा विकसित होने की संभावना कम हो सकती है।
ड्रेसीना की कटिंग लगाने के लिए रूटिंग मीडियम को घर पर ही तैयार कर सकते हैं। रूटिंग मीडियम का अर्थ उस सामग्री से है, जिसमें पौधे की कटिंग को लगाया जाता है। इसके लिए 50 प्रतिशत कोकोपीट, 30 प्रतिशत बगीचे की मिट्टी और 20 प्रतिशत परलाइट लें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करके कटिंग को लगाएं। आप चाहें तो कटिंग को सिर्फ पानी में भी लगा सकते हैं। हालांकि मिट्टी के मिश्रण में लगाना ज्यादा बेहतर परिणाम दे सकता है।
गमले में कटिंग कैसे लगाएं?
ड्रेसीना का पौधा छोटा और झाड़ीदार होता है, ऐसे में इसके लिए बड़े गमले की जरूरत नहीं है। छोटे या मध्यम गमले में जो 4 से 6 इंच का हो, उसमें कटिंग को लगाया जा सकता है। कटिंग को लगभग दो से तीन सेंटीमीटर गहराई में लगाएं। इसकी नोड को मिट्टी के अंदर रखें। अब ऊपर से मिट्टी डाल दें ताकि कटिंग सीधी रहे। इसे लगाने के बाद ऊपर से हल्का पानी दें या फिर स्प्रे करें। ताकि कटिंग को नुकसान न पहुंचे। ध्यान रखें कि रूटिंग मीडियम हल्का नम रहे। बहुत ज्यादा पानी देने से बचें क्योंकि नवंबर में सर्दियों की शुरुआत हो जाती है और ऐसे में धूप कम निकलती है। ज्यादा पानी देने से जड़ें सड़ सकती हैं। हर 2 से 3 दिन में पानी स्प्रे कर सकते हैं।
कटिंग को लगाने के बाद इसे ऐसी जगह रखें जहां पर सूर्य की रोशनी आती हो। हालांकि इसे सीधी तेज धूप से बचाएं। इस पौधे को कमरे के अंदर, बालकनी या छाया वाली जगह पर रखना अच्छा माना जाता है। बहुत कम रोशनी में भी यह पौधा ग्रो कर सकता है। लेकिन अच्छी ग्रोथ के लिए इसे हल्की रोशनी में रख सकते हैं।
कटिंग लगाने का सही समय
ड्रेसीना की कटिंग लगभग 20 से 40 दिनों में विकसित हो सकती है। हालांकि एक महीने के अंदर कटिंग की अच्छी ग्रोथ शुरू हो जाती है। इसकी कटिंग को मानसून के बाद यानी नवंबर के महीने में लगाया जा सकता है। इसके बाद सर्दियां बढ़ने पर इसकी कटिंग को बढ़ने में ज्यादा समय लग सकता है।
