किचन में रखी दाल या चावल के डिब्बे को खोलते ही छोटे-छोटे सफेद कीड़े नजर आ जाएं, तो उस अनाज से खाना बनाने का मन नहीं करता है। इन्हें साफ करना भी मुश्किल होता है और ये बहुत तेजी से अपनी संख्या बढ़ाते हैं।

अनाज को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए आपको दाल-चावल को स्टोर करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। आइए जानते हैं दाल-चावल को कीड़ों से बचाने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और डिब्बे में भरते समय क्या कर सकते हैं।

दाल-चावल को कीड़ों से बचाने के लिए अपनाएं ये तरीके

नीम की सूखी पत्तियां रखें

दाल और चावल में घुन या सफेद कीड़े लगने से बचाने के लिए आप उन्हें स्टोर करते समय नीम की पत्तियों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले पत्तियों को साफ करें। उन्हें अच्छी तरह सुखा लें। फिर एक साफ, सूखे कपड़े में बांधकर अनाज के डिब्बे में रख सकते हैं।

लौंग का इस्तेमाल करें

कीड़ों से बचाव के लिए लौंग भी यूज कर सकते हैं। लौंग की तेज खुशबू के कारण कीड़े अनाज से दूर रह सकते हैं। डिब्बे में दाल या चावल भरते समय लौंग भी रख दे। लौंग को अनाज की परतों के बीच रखने से घुन या कीड़े नहीं लगेंगे। अनाज को साफ और सूखे, अच्छी तरह बंद होने वाले डिब्बे में रखें।

नमक की पोटली रखें

आटे में नमी और कीड़े लगने की परेशानी से बचने के लिए नमक की पोटली रख सकते हैं। दाल-चावल को सूखी जगह पर एयरटाइट डिब्बे में रखें और उतना ही खरीदें, जितना तय समय में इस्तेमाल कर सकें।

तेजपत्ते का इस्तेमाल करें

तेजपत्ते की खुशबू के कारण इसे दाल, चावल और दूसरे सूखे अनाज को स्टोर करते समय इस्तेमाल किया जाता है। आप चाहें तो डिब्बे में एक-दो सूखे तेजपत्ते रख सकते हैं, लेकिन इसे कीड़ों से बचाव का पक्का तरीका न मानें।

इन बातों का भी रखें ध्यान

एयरटाइट डिब्बे में रखें अनाज

दाल और चावल को अच्छी तरह बंद होने वाले कांच या मजबूत प्लास्टिक के डिब्बे में रखें। इससे बाहर से कीड़ों के अंदर पहुंचने का खतरा कम हो सकता है।

डिब्बे को नमी से बचाएं

अनाज भरने से पहले डिब्बे को अच्छी तरह साफ करके पूरी तरह सुखा लें। नमी वाली जगह पर दाल-चावल रखने से बचें।

समय-समय पर डिब्बे जांचें

अगर किसी डिब्बे में छोटे कीड़े, लार्वा या जाले जैसी चीजें नजर आएं, तो आसपास रखे दूसरे अनाज की भी जांच करें। ज्यादा संक्रमित अनाज को फेंक दें और डिब्बे व अलमारी को अच्छी तरह साफ करके सुखाएं। खाने के सामान के पास कीटनाशक स्प्रे न करें।