Tulsi ka paudha sukhne par kya karen: सर्दियों में अक्सर तुलसी का पौधा मुरझा जाता है। इसके पत्ते सूखकर झड़ने लगते हैं। देखते-देखते ही पूरा पौधा सूख जाता है। ऐसे में इसे दोबारा हरा-भरा करने और पौधे की ग्रोथ को बढ़ाने के लिए आप 3 घरेलू चीजें इसमें डाल सकते हैं। सर्दियों में पौधे को पर्याप्त धूप न मिलने, कम तापमान या मौसम ज्यादा ठंडा होने की वजह से पौधा सूखने लगता है। ऐसे में आपको कुछ देखभाल टिप्स भी पता होने चाहिए ताकि आपका पौधा सही हो सके।

तुलसी सूखने पर क्या करें?

पानी की मात्रा पर ध्यान दें: सर्दी के मौसम में पौधे में ज्यादा पानी न डालें। तुलसी में पानी तब डालें जब ऊपर की 1 इंच की मिट्टी सूखी नजर आए। ज्यादा पानी से पौधे की जड़ें सड़ सकती हैं।

मिट्टी की गुड़ाई करें: पौधे को सही रखने के लिए महीने में कम से 2 से 3 बार मिट्टी की गुड़ाई करते रहें। ताकि जड़ों तक ऑक्सीजन सही तरीके से पहुंच पाए। जब भी धूप निकले तो पौधे को करीब 4 घंटे तक धूप में रखें।

पौधे में डालें ये चीजें

चाय की पत्ती

चाय की पत्तियों से पौधे की मिट्टी उपजाऊ बनती है। बची हुई चाय पत्ती नाइट्रोजन का बेहतरीन स्त्रोत होती है। इसके लिए पत्ती को पहले पानी से धो लें ताकि इससे चीनी निकल जाए। इसके बाद इसे थोड़ा सुखाकर फिर मिट्टी में मिला दें।

हल्दी का पानी

सर्दी में अगर आपका तुलसी का पौधा सूख गया है तो आप उसमें हल्दी का पानी डालें। हल्दी में एंटी फंगल गुण होते हैं। जड़ों में अगर फंगस या कीड़े लग गए होंगे तो हल्दी का पानी डालने से यह ठीक हो सकता है।

मिट्टी में मिलाएं ये चीजें

सूखे हुए तुलसी के पौधे को फिर से हरा-भरा करने के लिए आप उसमें सूखी गोबर की खाद मिला सकते हैं। इसके साथ ही खट्टी छाछ भी पौधे की जड़ों में डाल सकते हैं। इससे तुसली को घना बनाया जा सकता है।