Watermelon Peel Sabzi Recipe: गर्मियों के मौसम में तरबूज सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला फल है, जिसकी मिठास और स्वाद शरीर को हाइड्रेटेड रखने में मदद करता है। आमतौर पर तरबूज का लाल हिस्सा खाया जाता है और मोटे छिलके को कचरा समझकर फेंक दिया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन छिलकों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे आप स्वादिष्ट और पौष्टिक सब्जी बना सकते हैं। तरबूज के सफेद हिस्सा कई पोषक तत्वों से भरपूर होता है। सही तरीके से पकाने पर इसका स्वाद काफी अच्छा लगता है।

किचन वेस्ट को कम करने और खाद्य पदार्थों का बेहतर उपयोग करने पर आजकल काफी जोर दिया जा रहा है। ऐसे में तरबूज के छिलकों की सब्जी एक अच्छा विकल्प हो सकती है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको किसी विशेष सामग्री की जरूरत नहीं होगी। घर पर मौजूद सामान्य मसालों की मदद से इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। हल्के मसालों और देसी स्वाद के साथ इस सब्जी को रोटी, पराठे या नान के साथ खाया जा सकता है। अगर आप कुछ अलग और हटके ट्राई करना चाहते हैं तो तरबूज के छिलकों की रेसिपी ट्राई कर सकते हैं।

सामग्री

तरबूज (बड़े आकार का)- एक
लाल मिर्च पाउडर- एक चम्मच
हल्दी- आधा चम्मच
धनिया पाउडर- एक चम्मच
जीरा पाउडर- आधा चम्मच
अदरक-लहसुन का पेस्ट- दो चम्मच
हींग- एक चुटकी
अमचूर पाउडर- आधा चम्मच
सब्जी मसाला पाउडर- एक चम्मच
नमक- स्वादानुसार

बनाने का तरीका

सबसे पहले तरबूज को अच्छी तरह से धो लें और फिर इसे काटकर अंदर के लाल हिस्से को निकालकर अलग रख लें, जिसे जब मन करे तब खा सकते हैं। इसके बाद तरबूज के सफेद हिस्से पर बाहरी छिलके की परत को चाकू की मदद से निकाल दें। अब इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें और उस पर नमक छिड़कर कुछ देर के लिए छोड़ दें। इसके बाद कड़ाही में सरसों का तेल या देसी घी गरम करें और उसमें इन टुकड़ों को डाल दें। इन्हें धीमी आंच पर तब तक भूनें, जब तक इनका रंग सुनहरा न हो जाए। इससे तरबूज के टुकड़ों में मौजूद अतिरिक्त पानी भी वाष्प बनकर उड़ जाएगा। फिर इसे एक थाली में निकालकर रख दें।

इसके बाद कढाई में फिर से घी गरम करें और उसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट और हींग डालकर चम्मच की मदद से अच्छी तरह मिलाएं। अब आंच धीमा कर दें और उसमें लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी, जीरा पाउडर और सब्जी मसाला पाउडर मिलाएं। इसे कच्चापन खत्म होने तक भूनें। अब इसमें भूने हुए तरबूज के टुकड़े डालें और साथ ही नमक मिलाएं। इसे पांच-सात मिनट तक पकने दें और फिर अमचूर पाउडर डालकर आंच बंद कर दे। इसे चपाती, ब्रेड या नान के साथ परोसा जा सकता है।