दिवाली की साफ-सफाई के बाद बात घर की सजावट की आती है। जिसके लिए हम बाजार से रंग-बिरंगी लाइटें खरीदते हैं, फूलों से सजावट करते हैं, दीयों से घर के कोनों को रोशन करते हैं। साथ ही शुभ-लाभ दरवाजे पर लगाया जाता है। इस अवसर पर दरवाजे को भी खूबसूरत तरीके से सजाया जाता है। इसके लिए फूलों, पत्तों, मोतियां और कई चीजों से बने तोरण को लटकाया जाता है। यह घर की सुंदरता में चार चांद लगा देता है। हालांकि इसे हर बार बाजार से खरीदना जरूरी नहीं है। बल्कि आप घर पर ही कुछ पुरानी चीजों की मदद से आकर्षक तोरण तैयार कर सकते हैं। इसे आप अपनी पसंद के अनुसार डिजाइन देकर दरवाजे पर लगा सकते हैं।

कार्डबोर्ड या गत्ते से बनाएं तोरण

अक्सर जूते, कपड़े या ऑनलाइन शॉपिंग करने पर कार्डबोर्ड या गत्ते के डिब्बे में पैक होकर आते हैं। इस कार्डबोर्ड का इस्तेमाल करके दरवाजे के लिए तोरण बनाया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले कार्डबोर्ड को छोटे-छोटे चौकोर आकार में काट लें। इसी तरह आप दरवाजे की चौड़ाई के अनुसार गत्ते को काट लें। अब इसके ऊपर पुराना कपड़ा चिपकाएं। चारों किनारों पर लेस चिपकाएं। अब एक रस्सी लें और उसे मोटी ऊन की मदद से ढक दें। इसके ऊपर सभी टुकड़ों को डिजाइन बनाते हुए चिपकाएं। आप इसमें मिरर वर्क और स्टोन का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

पुराने दुपट्टे से तोरण बनाएं

तोरण बनाने के लिए दरवाजे की चौड़ाई के अनुसार गत्ते को लंबी और सीधी पट्टी में काट लें। गत्ते की लंबाई-चौड़ाई के अनुसार ही दुपट्टे को काट लें। गत्ते के ऊपर कपड़े को ग्लू की मदद से चारों तरफ अच्छी तरह चिपकाएं। ऊपर और नीचे की तरफ सुनहरी गोटा-पट्टी या लेस चिपका सकती हैं। इसे दरवाजे पर लटकाने के लिए दोनों तरफ हुक बनाकर चिपका सकती हैं।

पुरानी चूड़ियों से तोरण बनाएं

घर पर कई सारी ऐसी चूड़ियां रखी होती हैं, जिन्हें नहीं पहना जाता है। इन्हीं चूड़ियों का इस्तेमाल करके आप तोरण बना सकती हैं। इसके लिए कांच की चूड़ियों को रंगीन धागे से अच्छी तरह लपेट लें। अब इन चूड़ियों को एक-एक करके अच्छी तरह जोड़ लें। चूड़ियों कों इस तरह जोड़ें ताकि एक पैटर्न बन जाए। अब नीचे लटकन के लिए पॉम-पॉम या मोतियों का इस्तेमाल कर सकते हैं। बाजार में मिलने वाले नकली फूल पत्तियों से भी तोरण को डेकोरेट कर सकती हैं।

मोतियों की माला का इस्तेमाल

कई बार हम ऐसी चीजें खरीद लेते हैं, जिनका इस्तेमाल हम नहीं करते। ऐसे में इन चीजों को बेकार समझने की बजाय घर की सजावट में इस्तेमाल करना बेहतरीन विकल्प हो सकता है। अगर आपके घर में ऐसी ही कोई मोतियों (पर्ल) हार है, तो उससे तोरण बनाया जा सकता है। दरवाजे को खूबसूरत और आकर्षक बनाने पुरानी मोतियों की माला का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके लिए सबसे पहले एक सफेद कपड़े की लंबी पट्टी काट लें। इसे दरवाजे की चौड़ाई के हिसाब से ही काटें। अब इसके ऊपर टूटे हुए हार के मोती और मोतियों की माला को ग्लू की मदद से चिपकाएं। अगर आपके पास कुछ रंगीन मोती हैं, तो बीच में उन्हें लगाया जा सकता है। डिजाइन बनाने के लिए कपड़े की पट्टी के नीचे की तरफ जिग-जैग काट सकते हैं। इससे यह दिखने में अच्छा लगेगा। आप इसे सजाने के लिए नीचे की तरफ लटकन लगा सकती हैं।

ऊन से बनाएं तोरण

घर पर रखी पुरानी रंग-बिरंगी ऊन का इस्तेमाल करके दरवाजे को सजाने के लिए तोरण तैयार किया जा सकता है। ऊन से तोरण बनाने के लिए सबसे पहले पट्टी यानी बेस तैयार करें। इसके लिए आप दो या तीन रंग की ऊन की लंबी चोटी बना लें। अब तोरण को सजाने के लिए नीचे अलग-अलग रंग के पॉम-पॉम लटकाएं। आप चाहें तो ऊन के छोटे-छोटे फूल बनाकर भी तोरण को सजा सकते हैं।