थाली में हर बार एक ही तरह की डिश देखकर कई बार खाना खाने का मन नहीं करता है। यही वजह है कि हम कुछ न कुछ नया और अलग बनाने का ट्राई करते रहते हैं। अगर आप त्योहार, मेहमानों के आगमन या खास मौके पर साधारण पूरी बनाती हैं, तो इस बार कुछ अलग ट्विस्ट दे सकती हैं। पूरी को मेथी, बेसन और मसालों के साथ तैयार किया जा सकता है। यह खाने में बहुत ही स्वादिष्ट लग सकती है।

मौसम में बदलाव के साथ ही बाजारों में हरी सब्जियां आने लगी हैं। ऐसे में बोरिंग खाने में नया ट्विस्ट देने और हेल्दी चीजों का सेवन करने के लिए इन्हें डाइट में शामिल किया जा सकता है। मेथी को डाइट में शामिल करना चाहते हैं, तो सब्जी के अलावा इससे पूरी भी बना सकते हैं।

वैसे तो सामान्य पूरी भी खाने में अच्छी लगती है, लेकिन इसे हरी मेथी और मसालों के मिश्रण से तैयार किया जाए, तो इसका स्वाद और भी मजेदार हो सकता है। इसे बनाने का तरीका थोड़ा अलग है और यह पौष्टिक भी होती है। इसका जायका अमूमन सभी को पसंद आता है। इसे आप त्योहारों में सब्जी और चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं।

सामग्री

गेहूं का आटा: 200 ग्राम
बेसन: चार-पांच चम्मच
हरी मेथी: 50 ग्राम
लहसुन: पांच-छह कलियां
अदरक: एक इंच
हरी मिर्च: तीन
जीरा: एक चम्मच
गरम मसाला पाउडर: आधा चम्मच
सौंफ: एक चम्मच
काली मिर्च पाउडर: आधा चम्मच
नमक स्वादानुसार

बनाने की विधि

सबसे पहले हरी मेथी को पानी में अच्छी तरह धो लें और उसकी पत्तियों को डंठल से अलग कर दें। अब इसमें बारीक कटा हुआ हरा धनिया मिलाएं। इसके बाद लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, जीरा, सौंफ को मिक्सर ग्राइंडर में डालें और थोड़ा पानी डालकर पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को मेथी के मिश्रण में डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें गेहूं का आटा तथा बेसन डालें। साथ ही गरम मसाला पाउडर, हल्का-सा नमक और काली मिर्च पाउडर भी मिलाएं। इसमें थोड़ा सा सरसों तेल डालकर सभी सामग्री को मिलाकर गूंथ लें। ध्यान रहे कि इसे गूंथते समय पानी उतना ही डालें कि यह न तो सूखा रहे और न ज्यादा गीला हो। अब इसे गीले कपड़े से ढककर आठ-दस मिनट के लिए रख दें। इसके बाद गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें और इनके ऊपर तेल का लेप लगाएं। फिर एक कड़ाही में तेल गरम करें और आटे की लोइयों को बेलन की मदद से गोलाकार चपटा करके बारी-बारी से सुनहरा होने तक तेल में तलें। अब मसाला मेथी पूड़ियां बनकर तैयार हैं। इन्हें मनपसंद सब्जी और चटनी के साथ गरमागरम परोसा जा सकता है।