आज के समय में घर पर स्वादिष्ट खाना बनाना ज्यादा मुश्किल काम नहीं है। इस आधुनिक जमाने में सोशल मीडिया पर अलग-अलग राज्यों की पारंपरिक और मशहूर डिशेस की रेसिपी आसानी से मिल जाती है। इन्हीं में से एक है खांडवी, जो गुजरात की एक बेहद लोकप्रिय और पारंपरिक डिश है। खांडवी अपने मुलायम टेक्सचर और हल्के स्वाद के लिए जानी जाती है। दही और बेसन से बनने वाली इस डिश को गुजरात में लोग नाश्ते और हल्के स्नैक के रूप में खाना पसंद करते हैं। हालांकि, इस स्वादिष्ट डिश को आप भी घर पर ट्राई कर सकते हैं, क्योंकि इसकी रेसिपी बेहद ही आसान है। आइए जानते हैं खांडवी बनाने की आसान रेसिपी के बारे में:

खांडवी बनाने के लिए सामग्री

1 कप बेसन
1 कप दही
2 कप पानी
आधा चम्मच हल्दी
नमक स्वादानुसार
आधा चम्मच अदरक और हरी मिर्च का पेस्ट

तड़के के लिए

1 चम्मच तेल
1 चम्मच राई
1 चम्मच तिल
6-7 करी पत्ते
हरा धनिया
1 चम्मच सफेद तिल

खांडवी बनाने की आसान विधि

सबसे पहले एक बड़े बर्तन में बेसन, दही, पानी, हल्दी, अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। ध्यान रहे कि घोल में कोई गांठ न हो। आप चाहें तो इसे छलनी से छान भी सकते हैं।

अब एक नॉन स्टिक कड़ाही या भारी तले वाले पैन को गैस पर चढ़ा कर मध्यम आंच पर गर्म कर लें। इसमें घोल डालकर लगातार चलाते रहें। ऐसा करने से मिश्रण तले में नहीं लगेगा और इसकी बनावट भी एकसार बनी रहती है। मिश्रण को गाढ़ा होने में करीब 8-10 मिनट तक का समय लगता है।

जब मिश्रण गाढ़ा हो जाए तो इसे तुरंत किसी स्टील की थाली, प्लेट या ट्रे के पीछे वाले हिस्से पर पतली परत में फैला दें। मिश्रण को ज्यादा देर तक न छोड़ें क्योंकि यह जल्दी सेट होने लगता है। जब यह हल्का ठंडा हो जाए, तो परत को चाकू की मदद से 1 से 2 इंच चौड़ी लंबी पट्टियों में काट लें। अब हर पट्टी को सावधानी से रोल कर लें और सर्विंग प्लेट में सजा दें।

अब एक छोटी कड़ाही या पैन में तेल गर्म करें और उसमें राई डाल दें। राई चटकने लगे, तो हरी मिर्च, करी पत्ते और तिल डालकर कुछ सेकंड के लिए भून लें। अब इस तड़के को खांडवी रोल्स के ऊपर डाल दें। अंत में कद्दूकस किया हुआ नारियल और हरा धनिया ऊपर से छिड़क दें और सर्व करें। इस तरह आप घर पर झटपट गुजराती स्टाइल में स्वादिष्ट खांडवी बना सकते हैं।

Also Read
कभी खाई है मणिपुर की स्वादिष्ट चाक-हाओ खीर, काले चावल से इस तरह बनती है