Navratri Vrat Recipe: नवरात्रि के दौरान कई लोग नौ दिनों का व्रत रखते हैं। ऐसे में रोजाना एक ही तरह की चीजों को खाना उबाऊ लग सकता है। यही वजह है कि कई लोग नई-नई रेसिपी की तलाश में रहते हैं। क्या आप भी ऐसी ही कोई हेल्दी और स्वादिष्ट डिश खोज रहे हैं, जो व्रत में खाई जा सके। अगर हां, तो यह आर्टिकल आपके लिए ही है। दरअसल हम आपको एक ऐसी सब्जी के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसे ड्राई फ्रूट्स से बनाया जाता है। यही वजह है कि इसे व्रत की थाली में शामिल किया जा सकता है।

अक्सर व्रत के दौरान हम साबूदाने की खिचड़ी, मखाने की खीर, आलू का हलवा, कुट्टू की पूरी और सिंघाड़े का हलवा जैसे कई चीजों को खाते हैं। लेकिन रोजाना इन चीजों को खोना बोरिंग लग सकता है। ऐसे में आप शाही ड्राई फ्रूट्स की सब्जी ट्राई कर सकती हैं। इसे बनाना बहुत ही आसान है। स्वाद के साथ-साथ यह सब्जी सेहत के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है। आइए इसे बनाने का तरीका जानते हैं।

सामग्री

मखाना- 1 कप
काजू- आधा कप
किशमिश- आधा कप
टमाटर- 3
दही- 150 ग्राम
इलायची- 4-5
हरी मिर्च- 1
अदरक- 2 इंच
घी- 1 चम्मच
जीरा- 1 चम्मच
सेंधा नमक- स्वादानुसार
धनिया पाउडर- 1 चम्मच
हल्दी पाउडर- आधा चम्मच
हरा धनिया- 1 चम्मच
पानी जरूरत के अनुसार

बनाने का तरीका

व्रत के लिए सब्जी में हर बार आलू खाकर बोर हो गई हैं, तो इस बार कुछ अलग रेसिपी ट्राई कर सकती हैं। ग्रैवी तैयार करने के लिए मिक्सर में टमाटर, दही, पनीर, इलायची, हरी मिर्च, अदरक और थोड़ा पानी डालकर मुलायम पेस्ट तैयार कर लें। सभी चीजों को एक साथ बारीक पीसकर बाउल में निकाल लें। अगर आप इनमें से कोई सामग्री व्रत में नहीं खाते हैं, तो उसे स्किप (छोड़) कर सकते हैं। इसके बाद सबसे पहले पैन में मखाने को ड्राई रोस्ट (भूनना) कर लें। इसके बाद काजू और किशमिश को भी भून लें।

अब पैन में घी डालें और गरम होने दें। इसके बाद जीरा और ग्रैवी के लिए तैयार किया गया पेस्ट डाल दें। इसे धीमी आंच पर कुछ देर के लिए पकने दें। जब ग्रैवी पक जाए तो इसमें धनिया पाउडर, सेंधा नमक और हल्दी पाउडर डाल दें। इसे ढककर कुछ देर और पकने दें। अब इसमें भुने हुए मखाने, काजू और किशमिश मिलाएं। इसे करीब 5 से 7 मिनट तक पकने दें। फिर ऊपर से हरा धनिया डालकर गार्निश करें। इससे आप कुट्टू के आटे की रोटी, पूरी या पराठे के साथ गरम-गरम सर्व कर सकती हैं। यह सब्जी व्रत की थाली का स्वाद बदल सकती है।